बस्तर संभाग

स्कूल निर्माण में घटिया गुणवत्ता का आरोप, वीडियो वायरल

SDM बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई, निर्माण कार्य पर उठे सवाल

बीजापुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में निर्माणाधीन स्कूल भवन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। भैरमगढ़ ब्लॉक के चिंगनेर पंचायत में बन रहे इस स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें निर्माण कार्य में भारी लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं।

वायरल वीडियो में कथित तौर पर दिखाया गया है कि भवन निर्माण में इस्तेमाल किया गया मटेरियल बेहद कमजोर है, जिसे डंडे से आसानी से उखाड़ा जा रहा है। इस दृश्य ने निर्माण की गुणवत्ता पर संदेह पैदा कर दिया है और संभावित भ्रष्टाचार की आशंका को बल दिया है।

बस्तर क्षेत्र में नक्सल प्रभाव कम होने के बाद सरकार द्वारा शिक्षा के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दूरस्थ और अंदरूनी इलाकों में नए स्कूल भवनों का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें। ऐसे में इस तरह के आरोप प्रशासनिक व्यवस्था और निर्माण कार्यों की निगरानी पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि निर्माण कार्य में ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया सामग्री का उपयोग कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मामले में भैरमगढ़ एसडीएम प्रकाश सार्वे ने कहा है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले यह सत्यापित किया जाएगा कि वीडियो में दिख रहा भवन प्राथमिक शाला का है या कोई अन्य निर्माण, इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!