नर्मदापुरम-टिमरनी स्टेट हाईवे तरक्की का खोलेगा नया मार्ग

CM डॉ मोहन ने दी 1000 करोड़ से ज्यादा की सौगात, नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भी रखी बात

इटारसी ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव गुरुवार को नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा पहुंचे, जहां उन्होंने नर्मदापुरम-टिमरनी स्टेट हाईवे-67 के उन्नयन और पुनर्निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। करीब 72.18 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर 972 करोड़ 16 लाख रुपए की लागत आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हाईवे क्षेत्र के विकास और तरक्की के लिए नया मार्ग खोलेगा और आवागमन को सुगम बनाएगा। कार्यक्रम से पहले उन्होंने दक्षिणामुखी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर रोड शो किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। रोड शो रेंज ऑफिस चौराहा से शुरू होकर सराफा बाजार, गांधी चौक, जय स्तंभ चौक होते हुए पुराना बस स्टैंड तक पहुंचा, जहां नागरिकों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। इसके बाद कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 106 करोड़ 34 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया, जिसमें 48.65 करोड़ के 45 कार्यों का लोकार्पण और 57.69 करोड़ के 51 कार्यों का भूमिपूजन शामिल रहा। साथ ही विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया गया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रभु राम के विषय को कांग्रेस ने विवाद का मुद्दा बनाया, जबकि सभी लोग राम मंदिर में उपस्थित थे, केवल कांग्रेस के शीर्ष नेता नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोकतंत्र को लज्जित किया है। वहीं नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और भाजपा ने पहले ही महिलाओं को 50 प्रतिशत तक अधिकार देने का कार्य किया है। उन्होंने लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार बहनों के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है और योजना की 35वीं किस्त भी हितग्राहियों के खातों में जमा कर दी गई है, जबकि कांग्रेस ने महिलाओं को कभी पर्याप्त सहायता नहीं दी।




