मध्यप्रदेश

रिटायर्ड SDO के घर EOW की रेड, करोड़ों की संपत्ति उजागर

मकान-दुकान, कृषि भूमि, आटा मिल और 18 LIC पॉलिसी समेत 5 करोड़ से ज्यादा का खुलासा

छिंदवाड़ा ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) जबलपुर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के रिटायर्ड एसडीओ महेश नागवंशी के ठिकानों पर छापेमारी की। आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई इस कार्रवाई में अब तक करीब 5 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार, लंबे समय से मिल रही शिकायतों के आधार पर प्रारंभिक जांच की गई थी, जिसमें आय से अधिक संपत्ति के संकेत मिलने पर न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त किया गया। इसके बाद गुरुवार सुबह 25 सदस्यीय टीम ने परासिया रोड स्थित निवास और गुरैया रोड स्थित आटा मिल पर एक साथ दबिश दी। जांच में सामने आया है कि नागवंशी ने अपनी वैध आय से लगभग 200 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की है। छापेमारी के दौरान शहर में स्थित मकान, दुकान और करीब 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की कृषि भूमि, गुरैया रोड स्थित लगभग 2.5 करोड़ रुपये की आटा मिल, दो चारपहिया और तीन दोपहिया वाहन जिनकी कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है, 18 एलआईसी पॉलिसियों में लगभग 20 लाख रुपये का निवेश, 51 हजार रुपये नगद और करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा कई बैंक खातों की भी जांच की जा रही है, जिनमें बड़ी राशि होने की संभावना जताई जा रही है। EOW के डीएसपी मंजीत सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच अभी जारी है और पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल इस कार्रवाई से आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!