₹500 में लड़की का जुगाड़, फ्लैट में बनते थे अश्लील वीडियो… अमरावती सेक्स स्कैंडल का गंदा सच उजागर

SIT जांच में 6 आरोपी गिरफ्तार, 8 पीड़ितों की पहचान; पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई
अमरावती ( शिखर दर्शन ) // महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाड़ा क्षेत्र में युवतियों के यौन शोषण और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले संगठित गिरोह का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 8 पीड़ितों की पहचान हो चुकी है। इस गंभीर प्रकरण की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित कर कार्रवाई तेज कर दी गई है।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों द्वारा युवतियों को बहला-फुसलाकर एक फ्लैट में लाया जाता था, जहां उनके साथ दुष्कर्म कर गुप्त रूप से आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाते थे। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए पीड़ितों को ब्लैकमेल कर चुप रहने के लिए मजबूर किया जाता था। पुलिस के अनुसार यह पूरा मामला एक सुनियोजित गिरोह द्वारा संचालित किया जा रहा था, जिसमें कई लोग शामिल थे।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह का एक सदस्य युवतियों को फ्लैट तक लाने के लिए सक्रिय था, जिसके बदले उसे रकम दी जाती थी। पुलिस को संदेह है कि इस नेटवर्क के जरिए कई अन्य युवतियां भी शोषण का शिकार हुई हैं, जिनकी पहचान और मामले की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।
मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से कंट्रोल रूम में अटैच कर दिया है। वहीं न्यायालय ने कुछ आरोपियों को 21 तारीख तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पूछताछ में आरोपियों ने आपत्तिजनक वीडियो एक-दूसरे को भेजने और वायरल करने की बात भी स्वीकार की है, जिससे एक बड़े नेटवर्क की पुष्टि हुई है।
जांच के दौरान पुलिस को अब तक 18 आपत्तिजनक वीडियो और 39 फोटो बरामद हुए हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी संभव है। फिलहाल पुलिस पीड़ितों की पहचान, काउंसलिंग और उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।



