छत्तीसगढ़ के सक्ती में वेदांता पावर प्लांट हादसा: मृतकों की संख्या 10 पहुँची, जांच के आदेश

भीषण बॉयलर ब्लास्ट से दहला प्रदेश, कई मजदूर गंभीर रूप से घायल

बिलासपुर / शक्ति// ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर विस्फोट ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दर्दनाक हादसे में अब तक 10 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि दो दर्जन से अधिक मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। इनमें कई की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
यह हादसा डभरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई स्थित प्लांट में हुआ, जहां अचानक बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ और पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों का आक्रोश: प्लांट गेट पर हंगामा और नारेबाजी:

हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। मृतकों और घायलों के परिजनों ने प्लांट के मुख्य द्वार पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने एम्बुलेंस को रोककर घायलों से मिलने की मांग की और प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए।
परिजनों का कहना है कि उन्हें न तो स्पष्ट जानकारी दी जा रही है और न ही मृतकों के पास जाने दिया जा रहा है। आक्रोशित लोगों ने मृतकों के परिवारों के लिए उचित मुआवजे और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग भी उठाई है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्लांट प्रबंधन ने मुख्य गेट बंद कर दिया है और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, मलबे में फंसे मजदूरों को निकालने का प्रयास
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मलबे में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। प्रशासन का कहना है कि जैसे-जैसे रेस्क्यू आगे बढ़ेगा, मृतकों और घायलों के आंकड़ों में बदलाव संभव है।
घायलों का इलाज जारी, कई की हालत नाजुक:
हादसे में घायल मजदूरों को तत्काल रायगढ़ जिले के विभिन्न अस्पतालों में रेफर किया गया है। कई गंभीर रूप से घायल मजदूरों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, उच्च स्तरीय जांच के आदेश:
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है और राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि घटना की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी जताया शोक:
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए सरकार से मांग की है कि पीड़ितों को उचित मुआवजा दिया जाए और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

पूरा प्रदेश शोक में, जांच पर टिकी निगाहें
वेदांता पावर प्लांट हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे प्रदेश की नजर जांच रिपोर्ट और राहत कार्यों की प्रगति पर टिकी हुई है।




