वेदांता पावर प्लांट हादसा: मौत का आंकड़ा बढ़कर 8, कई मजदूरों की हालत गंभीर

बॉयलर ब्लास्ट से मचा हाहाकार, बढ़ती मौतों ने बढ़ाई चिंता
सक्ती ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई में स्थित Vedanta Power Plant में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। ताजा जानकारी के अनुसार इस दर्दनाक घटना में मृतकों की संख्या 3 से बढ़कर 8 हो गई है, जबकि दो दर्जन से अधिक मजदूर अब भी घायल हैं और कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
धमाके के बाद मची अफरा-तफरी, मजदूर चपेट में आए
हादसा इतना भयावह था कि अचानक हुए जोरदार विस्फोट के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। काम कर रहे कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
रायगढ़ में जारी है घायलों का इलाज, स्थिति गंभीर
घायलों को रायगढ़ के विभिन्न सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है। चिकित्सा टीम लगातार उपचार में जुटी हुई है।
प्लांट गेट पर विरोध, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं प्लांट के बाहर मजदूरों और परिजनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
लापरवाही पर सवाल, जांच के घेरे में प्रबंधन
इस भीषण हादसे के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। श्रमिक सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।




