15 साल के संघर्ष के बाद IPL में मिला मौका, रघु शर्मा ने महाकाल के दरबार में टेका माथा

मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाड़ी जर्सी लेकर पहुंचे उज्जैन, बाबा महाकाल के चरणों में अर्पित कर लिया आशीर्वाद
उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // क्रिकेट के मैदान पर आईपीएल तक पहुंचने का सपना पूरा होने के बाद खिलाड़ियों की आस्था भी बाबा महाकाल के दरबार में नजर आई। गुरुवार को मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी रघु शर्मा और सनराइजर्स हैदराबाद के सलिल अरोड़ा विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। दोनों खिलाड़ी अपनी टीम की जर्सी भी साथ लेकर आए और बाबा महाकाल के चरणों में अर्पित कर आशीर्वाद लिया।

15 साल के संघर्ष के बाद पूरा हुआ IPL का सपना
दर्शन के बाद मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी रघु शर्मा ने अपनी क्रिकेट यात्रा के संघर्ष और आईपीएल में पदार्पण को लेकर भावनाएं साझा कीं। उन्होंने बताया कि करीब 15 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद 30 वर्ष की उम्र पार करने पर आईपीएल में खेलने का अवसर मिलना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।
रघु शर्मा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय बाबा महाकाल की कृपा को दिया। उन्होंने कहा कि उनकी भगवान से ज्यादा कोई मांग नहीं है। वे केवल यही चाहते हैं कि बाबा महाकाल का आशीर्वाद हमेशा बना रहे और उन्हें अपने चरणों में स्थान मिलता रहे। उन्होंने ब्रजधाम के प्रति अपनी भक्ति का भी उल्लेख किया।
इस दौरान उन्होंने मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी का आभार जताया और कहा कि टीम ने उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया।
बाबा के दर्शन से मिली सकारात्मक ऊर्जा : सलिल अरोड़ा
वहीं, पंजाब से उज्जैन पहुंचे सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाड़ी सलिल अरोड़ा ने भी बाबा महाकाल के दर्शन के बाद प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि मंदिर में दर्शन कर उन्हें आनंद और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ है।
सलिल ने अपनी टीम की सफलता की कामना करते हुए कहा कि उनकी कोशिश मौजूदा टूर्नामेंट में जीत हासिल करने की रहेगी। इसके साथ ही आईपीएल में भी बेहतर प्रदर्शन कर जीत दर्ज करना उनका लक्ष्य है।
इस अवसर पर मुंबई से आए सागर पटेल और विदुर ठक्कर भी खिलाड़ियों के साथ मौजूद रहे। सभी ने भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।



