12 नवंबर महाकाल भस्म आरती: बाबा महाकाल का राजा स्वरूप श्रृंगार, दिव्य दर्शन कर भक्त हुए निहाल

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार, 12 नवंबर को कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि पर तड़के चार बजे मंदिर के कपाट खोले गए। इसके बाद विधि-विधान से भगवान महाकाल की भस्म आरती संपन्न हुई। इस दौरान बाबा महाकाल का मनमोहक राजा स्वरूप श्रृंगार किया गया। दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
मंदिर के पट खुलने के बाद पुजारियों ने सबसे पहले गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से तैयार पंचामृत से अभिषेक-पूजन संपन्न हुआ। इसके बाद भगवान को भांग, चंदन और विभिन्न आभूषणों से अलंकृत किया गया।
भस्म अर्पण के बाद दिव्य स्वरूप में दिए दर्शन
भस्म अर्पण से पहले प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम जल अर्पित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान का ध्यान और पूजन किया गया। कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर विधि-विधान से भस्म अर्पित की गई। इसके पश्चात भगवान को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाला, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं। आकर्षक आभूषणों और पुष्पों से बाबा का मनोहारी श्रृंगार किया गया।
मान्यता है कि भस्म अर्पण के पश्चात भगवान महाकाल अपने निराकार स्वरूप से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। बाबा के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है।
जयकारों से गूंज उठा महाकाल मंदिर
प्रातःकालीन भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए और पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन कर उनके कान में अपनी मनोकामनाएं भी व्यक्त कीं। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।



