मध्यप्रदेश में बढ़ने लगी ठंड, अमरकंटक में पारा 10.8 डिग्री पर पहुंचा; भोपाल में पचमढ़ी से ज्यादा सर्दी

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में सर्दी ने धीरे-धीरे दस्तक देनी शुरू कर दी है। प्रदेश के 17 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। अमरकंटक में सबसे कम 10.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं राजधानी भोपाल में भी ठंड का असर बढ़ने लगा है। यहां न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा, जो हिल स्टेशन पचमढ़ी के 13.2 डिग्री तापमान से भी कम है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से आंधी और बारिश का दौर जारी था, लेकिन अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बुधवार को प्रदेश के किसी भी हिस्से में आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम शुष्क रहने के साथ ही रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला तेज होने की संभावना है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी चार दिनों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस होने लगेगा।
इन शहरों में 15 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा
प्रदेश में अमरकंटक और कटनी जिले का करौंदी क्षेत्र सबसे ठंडे स्थानों में शामिल रहे। बीती रात अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि करौंदी में पारा 11.3 डिग्री रहा।
इसके अलावा दमोह में 12 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 12.3 डिग्री, रायसेन में 12.6 डिग्री और बालाघाट के मलाजखंड में 12.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
राजधानी भोपाल के साथ जबलपुर और छिंदवाड़ा में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहा। वहीं पचमढ़ी में 13.2 डिग्री, उमरिया में 13.4 डिग्री, मंडला और नौगांव में 13.6 डिग्री तथा रीवा में 13.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
इसी तरह इंदौर में 14 डिग्री, खजुराहो में 14.4 डिग्री और सीधी में न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश में तापमान में आ रही गिरावट से साफ है कि सर्दी का असर अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। अगले चार दिनों में पारे में और गिरावट की संभावना के चलते लोगों को सुबह और रात के समय ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने की जरूरत होगी।



