असम में बड़ा रेल हादसा, कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतरे

सात यात्रियों के घायल होने की खबर, राहत एवं बचाव कार्य जारी; पूर्वोत्तर भारत की कई रेल सेवाएं प्रभावित
पूर्वोत्तर राज्य असम में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। कामरूप (मेट्रो) जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस (13125) के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। दुर्घटना में सात यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद रेलवे की राहत एवं बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया।
नॉर्दर्न फ्रंटियर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा के मुताबिक, दुर्घटना बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे हुई। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे की बचाव टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। दुर्घटनाग्रस्त डिब्बों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम किया गया। राहत कार्य में तेजी लाने के लिए घटनास्थल पर राहत ट्रेन भी भेजी गई।
सात यात्री घायल, सभी अस्पताल में भर्ती
दुर्घटना में सात यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, घायलों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। यात्री घबराकर डिब्बों से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों की मदद की और प्रभावित डिब्बों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और महाप्रबंधक भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। रेलवे की ओर से मामले की जांच और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
पूर्वोत्तर की रेल सेवाएं प्रभावित
हादसे के कारण रेल यातायात पर भी असर पड़ा है। ऊपरी असम की ओर जाने वाली ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। इसके अलावा मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा की ओर जाने वाली रेल सेवाओं पर भी असर पड़ने की सूचना है। कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है।
रेलवे की ओर से यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन बहाल करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल दुर्घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी और जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।



