रायपुर संभाग

स्मृति ईरानी का छत्तीसगढ़ दौरा आज, तीन शहरों को मिलेगा राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार; स्कूल-कॉलेजों में अवकाश

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में बुधवार, 11 नवंबर को कई महत्वपूर्ण गतिविधियां होने जा रही हैं। भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी एक दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंचेंगी। वहीं प्रदेश के रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा भाई दूज के अवसर पर सक्ती, बालोद और कोरबा जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। प्रदेश में आज होने वाली प्रमुख गतिविधियों पर एक नजर डालते हैं।

स्मृति ईरानी का छत्तीसगढ़ दौरा आज

भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी बुधवार को एक दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंचेंगी। वह सुबह रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीधे धरमजयगढ़ के लिए रवाना होंगी। यहां जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लेंगी।

इस दौरान वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिकारियों और पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगी। जनजातीय गौरव दिवस आयोजन को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

छत्तीसगढ़ के तीन शहरों को मिलेगा राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार

छत्तीसगढ़ के लिए बुधवार का दिन गौरवपूर्ण रहने वाला है। प्रदेश के तीन शहरों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार के लिए चयन किया गया है। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन शहरों को सम्मानित करेंगी।

इस सम्मान समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी शामिल होंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और तोखन साहू की मौजूदगी भी रहेगी। इस उपलब्धि को सफाई मित्रों, स्वच्छता कर्मियों और स्वच्छता अभियान में आम नागरिकों की भागीदारी के सामूहिक प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

भाई दूज पर तीन जिलों में स्थानीय अवकाश

भाई दूज के पर्व पर प्रदेश के सक्ती, बालोद और कोरबा जिले में बुधवार को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। तीनों जिलों के कलेक्टरों ने इस संबंध में संशोधित आदेश जारी किए हैं।

दरअसल, पहले इन जिलों में 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किया गया था। लेकिन छत्तीसगढ़ शासन द्वारा उसी दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने स्थानीय अवकाश की तारीख में बदलाव किया। इसके चलते अब भाई दूज के अवसर पर जिलेवासियों को अतिरिक्त छुट्टी मिलेगी।

रायगढ़ में जनजातीय लोकनृत्य एवं आदिवासी लोककला महोत्सव आज

रायगढ़ में जिला स्तरीय उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव एवं शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोककला महोत्सव-2026 का आयोजन बुधवार, 11 नवंबर को किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से नगर पालिक निगम रायगढ़ स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।

महोत्सव में जनजातीय समाज की पारंपरिक कला, संस्कृति और लोकनृत्य की विविध प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!