रायपुर संभाग

नवा रायपुर में अमित शाह ने किया ‘विकसित भारत संकल्प पार्क’ का लोकार्पण, 2,500 से अधिक पीपल के पेड़ों से मिलेगी ‘पीपल सिटी’ को नई पहचान

16 एकड़ में तैयार हुआ भव्य पार्क, अमित शाह ने पीपल का पौधा लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश; ‘People for Peepal’ अभियान से जुड़ेगी जनभागीदारी

नवा रायपुर ( शिखर दर्शन ) // केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। लोकार्पण के दौरान अमित शाह ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया।

16 एकड़ में विकसित हुआ हरित पार्क

लगभग 16 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस पार्क को पर्यावरण संरक्षण और हरित शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। पार्क परिसर में अब तक 2,500 से अधिक पीपल के पेड़ और 500 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं।

इस पहल का उद्देश्य नवा रायपुर को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना है। इसके साथ ही नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

‘People for Peepal’ अभियान से जुड़ेगी जनभागीदारी

इस पार्क का विकास ‘People for Peepal’ अभियान के तहत किया गया है। अभियान का उद्देश्य केवल पौधरोपण करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को पौधों के संरक्षण, संवर्धन और उनकी नियमित देखभाल से जोड़ना भी है।

इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी के साथ व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने की परिकल्पना की गई है। इसमें नागरिकों की सक्रिय भूमिका के जरिए हरित क्षेत्र के विस्तार और पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।

विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्र निर्माण का प्रतीक

विकसित भारत संकल्प पार्क को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्र निर्माण के संदेश को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। पार्क के माध्यम से आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित भारत की परिकल्पना के साथ प्रकृति संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा।

भारतीय संस्कृति में पीपल के वृक्ष का विशेष आध्यात्मिक और पर्यावरणीय महत्व है। धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरणीय दृष्टि से भी पीपल का महत्वपूर्ण स्थान है। ऐसे में इस पहल के जरिए जनआस्था को प्रकृति संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

लोकार्पण कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

नवा रायपुर में विकसित यह पार्क आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण, हरित शहरी विकास और नागरिक सहभागिता के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!