स्वच्छता सर्वेक्षण में बिलासपुर की बड़ी उपलब्धि, देश के शीर्ष रिवर फ्रंट शहरों में दूसरा स्थान

लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर टॉप-3 में जगह; राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विज्ञान भवन में किया सम्मानित, रीवा पहले और वाराणसी तीसरे स्थान पर
28वीं रैंक से देश के टॉप-3 शहरों में पहुंचा बिलासपुर, जानिए कैसे बदली स्वच्छता की तस्वीर
191 कचरा वाहन, 2,063 सफाईकर्मी और आधुनिक मशीनों से मजबूत हुई व्यवस्था; चार एसटीपी, 79 शौचालयों का जीर्णोद्धार और जनभागीदारी ने दिलाया राष्ट्रीय सम्मान
नई दिल्ली/बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // न्यायधानी बिलासपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में शहर को देश के सबसे स्वच्छ नदी तटवर्ती शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बिलासपुर को सम्मानित किया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव, महापौर पूजा विधानी, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने राष्ट्रपति के हाथों यह सम्मान ग्रहण किया।
इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में शहरों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नदी तटवर्ती, तटीय और हिमालयी शहरों के लिए अलग-अलग श्रेणियां बनाई गई थीं। नदी तटवर्ती शहरों की श्रेणी में रीवा पहले, बिलासपुर दूसरे और वाराणसी तीसरे स्थान पर रहा। देशभर के 4,751 शहर इस सर्वेक्षण में शामिल हुए। इससे पहले स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में भी बिलासपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया था, जबकि वर्ष 2023 में शहर 28वें स्थान पर था। इस तरह महज दो वर्षों में 28वीं रैंक से लगातार शीर्ष तीन में पहुंचना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है।
बिलासपुर को पहले ही गार्बेज फ्री सिटी में पांच सितारा और ओडीएफ++ का दर्जा मिल चुका है। लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय सम्मान मिलने से शहर की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है।
28वीं रैंक से टॉप-3 तक, कैसे बदली शहर की तस्वीर?
बिलासपुर की यह उपलब्धि किसी एक अभियान का परिणाम नहीं है। इसके पीछे सफाई संसाधनों में वृद्धि, कचरा संग्रहण व्यवस्था का विस्तार, आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल, सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार, प्रशासनिक निगरानी और नागरिकों की भागीदारी जैसे कई प्रयास शामिल हैं।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की टीम ने मई महीने में शहर का दौरा कर जमीनी स्तर पर सर्वेक्षण किया था। इस दौरान साफ-सफाई, घरों से कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों और शौचालयों की स्थिति, नागरिकों की प्रतिक्रिया तथा उपलब्ध सुविधाओं का मूल्यांकन किया गया। तैयारियों को लेकर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने अलग टीम गठित की थी, जिसने पूरे वर्ष स्वच्छता गतिविधियों और विशेष अभियानों का संचालन किया।

खास बात यह रही कि नगर निगम ने पुराने शहरी क्षेत्रों के साथ निगम सीमा में शामिल नए और अपेक्षाकृत ग्रामीण इलाकों की सफाई व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी।
1. कचरा संग्रहण वाहन 124 से बढ़कर 191 हुए
शहर में घर-घर से कचरा एकत्र करने की व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वाहनों की संख्या बढ़ाई गई। पुराने शहरी क्षेत्र के 45 वार्डों में रामकी कंपनी के माध्यम से कचरा संग्रहण किया जाता है, जबकि निगम में शामिल नए 25 वार्डों में मिशन क्लीन सिटी के तहत एसआरएलएम केंद्रों के माध्यम से स्वच्छता दीदियां घरों से कचरा एकत्र करती हैं।
नए क्षेत्रों में व्यवस्था मजबूत करने के लिए वर्ष 2024 में 15वें वित्त आयोग की राशि से 36 छोटी टिपर गाड़ियां खरीदी गईं। इसके अलावा रामकी कंपनी ने 26 इलेक्ट्रिक वाहन भी व्यवस्था में शामिल किए। परिणामस्वरूप वर्ष 2023-24 में 124 रहे कचरा संग्रहण वाहनों की संख्या बढ़कर 191 हो गई।
वर्तमान में नगर निगम के 70 वार्डों के 1,79,180 घरों से प्रतिदिन करीब 270 टन कचरा एकत्र किया जाता है। इस कार्य में 700 कर्मचारी जुटे हैं, जिनमें 449 स्वच्छता दीदियां शामिल हैं। कचरे को कछार स्थित आरडीएफ प्लांट और एसआरएलएम केंद्रों तक पहुंचाकर उसका पृथक्करण एवं निस्तारण किया जाता है।
2. सफाई का दायरा 27 से बढ़कर 49.34 किलोमीटर
पुराने शहरी क्षेत्रों में मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों और मोहल्लों की सड़कों पर मैकेनाइज्ड और मैन्युअल सफाई की व्यवस्था पहले से संचालित थी, लेकिन नए जुड़े क्षेत्रों में सफाई का स्तर अपेक्षाकृत कमजोर था। इस अंतर को दूर करने के लिए आधुनिक मशीनों और सफाई कर्मचारियों के माध्यम से नए क्षेत्रों में भी नियमित सफाई शुरू की गई।

पहले प्रतिदिन 27 किलोमीटर क्षेत्र में मैकेनाइज्ड और मैन्युअल सफाई होती थी। अब इसका दायरा बढ़कर 49.34 किलोमीटर प्रतिदिन हो गया है। सफाई कर्मचारियों की संख्या 1,330 से बढ़कर 2,063 और सफाई बीट की संख्या 475 से बढ़कर 750 हो गई है। इससे पुराने और नए दोनों क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का विस्तार हुआ।
3. तिफरा में मलबे से बनाए जा रहे उपयोगी उत्पाद
निर्माण और विध्वंस से निकलने वाला मलबा शहरों के लिए बड़ी चुनौती होता है। इसके वैज्ञानिक निस्तारण के लिए नगर निगम ने तिफरा में सीएंडडी प्लांट स्थापित किया है। यहां मलबे को प्रसंस्कृत कर गमले, पेवर ब्लॉक और ईंटों जैसे उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। इससे मलबे के अव्यवस्थित निस्तारण पर रोक लगाने के साथ अनुपयोगी सामग्री का दोबारा इस्तेमाल भी संभव हुआ है।
4. महिलाओं के लिए चार पिंक टॉयलेट और तीन आकांक्षी शौचालय
सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहर में चार पिंक टॉयलेट बनाए गए हैं। इनमें महिलाओं की सुविधा और स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में उच्च सुविधाओं से युक्त तीन आकांक्षी शौचालय भी तैयार किए गए हैं।
5. ‘बिल्लू बिलासपुरिया’ और ‘स्वच्छता पेट्रोल’ से जागरूकता
स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए नगर निगम ने स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर वर्षभर जागरूकता अभियान चलाए। जीरो वेस्ट कार्यक्रमों के साथ सामाजिक संगठनों और गैर सरकारी संस्थाओं को भी जोड़ा गया।
लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने के लिए नगर निगम ने ‘बिल्लू बिलासपुरिया’ शुभंकर शुरू किया, जो शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर स्वच्छता का संदेश देता रहा। वहीं, ‘स्वच्छता पेट्रोल’ टीम मोबाइल वैन के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी करती है। कचरा फैलाने वालों को समझाइश देने के साथ नियमों के उल्लंघन पर अर्थदंड भी लगाया जाता है।
6. सभी 79 सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों का जीर्णोद्धार
शहर के सभी 79 सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों का जीर्णोद्धार कराया गया। इनमें नागरिकों की शिकायत, सुझाव और प्रतिक्रिया दर्ज करने के लिए फीडबैक मशीनें लगाई गईं। महिलाओं की सुविधा के लिए सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें और इस्तेमाल किए गए नैपकिन के सुरक्षित निस्तारण के लिए इंसीनेटर मशीनें भी स्थापित की गईं।
7. कचरे से विकसित किए गए 15 ‘वेस्ट टू वंडर’ स्थल
कचरे के पुनः उपयोग और शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के लिए 15 ‘वेस्ट टू वंडर’ स्थल विकसित किए गए। यहां अनुपयोगी सामान और कचरे को पुनर्चक्रित कर सजावटी एवं आकर्षक वस्तुएं तैयार की गईं। इस पहल के जरिए लोगों को कचरे के बेहतर उपयोग का संदेश भी दिया गया।
8. यूजर चार्ज में 37.05 प्रतिशत की वृद्धि
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, स्वच्छता सेवाओं के बदले नागरिकों से मिलने वाले यूजर चार्ज में भी बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2023-24 में 9 करोड़ 13 लाख 9 हजार रुपये यूजर चार्ज प्राप्त हुआ था। वर्ष 2024-25 में यह राशि बढ़कर 14 करोड़ 50 लाख 57 हजार रुपये हो गई। वहीं, वर्ष 2025-26 में इसमें 37.05 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और कुल 15 करोड़ 9 लाख 80 हजार रुपये प्राप्त हुए।
9. दो से बढ़कर चार हुए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट
जल प्रदूषण पर नियंत्रण और नालों से निकलने वाले पानी के शोधन के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की व्यवस्था का विस्तार किया गया। पहले शहर में चिल्हाटी और दोमुहानी में दो एसटीपी संचालित थे। अब कोनी और ज्वाली नाला एसटीपी शुरू होने के बाद इनकी संख्या बढ़कर चार हो गई है।
इसके अलावा अरपा नदी और शहर के तालाबों के पुनरुत्थान के लिए विशेष अभियान चलाए गए। सीवर लाइन की सफाई के लिए दो सीवर सक्शन मशीनें और एक विशेष सीवर वाहन खरीदा गया। एसआरएलएम केंद्रों में सेनेटरी पैड और डायपर जैसे कचरे के निस्तारण के लिए पांच इंसीनेटर मशीनें भी स्थापित की गईं। शहर के कचरा संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर उनकी स्थिति सुधारने का अभियान भी चलाया गया।
जनभागीदारी और मीडिया की भूमिका भी रही अहम
बिलासपुर की स्वच्छता संबंधी उपलब्धि में नगर निगम के संसाधनों और कर्मचारियों के साथ शहरवासियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। स्वच्छता अभियान को लगातार चर्चा में बनाए रखने, गंदगी की समस्याओं को सामने लाने और प्रशासन को जवाबदेह बनाने में मीडिया तथा सोशल मीडिया की सक्रियता ने भी योगदान दिया।
नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सफाई मित्रों के सामूहिक प्रयासों से स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने की कोशिश की गई।
जनप्रतिनिधियों ने बताया शहर के लिए गौरव का क्षण
तोखन साहू, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में बिलासपुर का दूसरा स्थान हासिल करना इस बात का प्रमाण है कि शासन-प्रशासन के साथ आम जनता भी अस्वच्छता को जड़ से मिटाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शहरवासियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि बिलासपुर आने वाले समय में स्वच्छता और शहरी विकास का नया उदाहरण बनेगा।
अमर अग्रवाल, विधायक बिलासपुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान में बिलासपुर ने प्रभावी सहभागिता दर्ज कराई है। यह पूरे शहर की उपलब्धि और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इसे बरकरार रखना अब सभी की जिम्मेदारी है।
धरमलाल कौशिक ने कहा कि स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान मिलना शहरवासियों के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और व्यवस्थित विकास के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
धर्मजीत सिंह ने इसे जनभागीदारी, बेहतर नगर प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया। उन्होंने शहरवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और विशेष रूप से स्वच्छता मित्रों को बधाई दी।
सुशांत शुक्ला, विधायक बेलतरा ने कहा कि बिलासपुर का देश में दूसरे स्थान पर चयन होना सभी के लिए हर्ष और गर्व की बात है। अब शहर को पहले स्थान पर पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे।
पूजा विधानी, महापौर ने कहा कि यह उपलब्धि शहरवासियों और नगर निगम कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का नतीजा है। आम जनता के सहयोग के बिना यह संभव नहीं था। इस सम्मान से भविष्य में और बेहतर काम करने की प्रेरणा मिलेगी।
संजय अग्रवाल, कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त करना पूरे बिलासपुर के लिए गर्व का क्षण है। इस उपलब्धि के लिए नगर निगम की टीम और नागरिक बधाई के पात्र हैं। बेहतर प्रदर्शन के लिए सामूहिक प्रयास जारी रहेंगे।
प्रकाश कुमार सर्वे, नगर निगम आयुक्त ने निगम की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि बेहतर टीमवर्क और जनता के सहयोग का परिणाम है। भविष्य में और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
नगर निगम में जश्न, सफाई मित्रों ने फोड़े पटाखे
राष्ट्रपति पुरस्कार मिलने और राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल करने की खबर से नगर निगम में उत्साह का माहौल रहा। विकास भवन स्थित निगम कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को बधाई दी। सफाई मित्रों ने पटाखे फोड़कर और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर खुशी जाहिर की। शहर की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने में दिन-रात जुटे इन कर्मचारियों के लिए यह सम्मान खास मायने रखता है।
अब चुनौती नंबर-1 बनने की
वर्ष 2023 में 28वीं रैंक पर रहने वाला बिलासपुर वर्ष 2024 में दूसरे स्थान पर पहुंचा और अब लगातार दूसरे वर्ष शीर्ष तीन में अपनी जगह बनाए रखने में सफल रहा है। यह सफर बताता है कि योजनाबद्ध प्रयास, पर्याप्त संसाधन, आधुनिक तकनीक, प्रशासनिक इच्छाशक्ति और जनभागीदारी मिलकर किसी शहर की तस्वीर बदल सकते हैं।
हालांकि, दूसरे स्थान पर पहुंचना बड़ी उपलब्धि है, लेकिन इस स्थान को बरकरार रखना और देश में पहला स्थान हासिल करना अब नगर निगम के सामने अगली चुनौती होगी। इसके लिए सफाई व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाने, नए क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार करने, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, अरपा नदी और तालाबों के संरक्षण तथा नागरिकों की भागीदारी को और मजबूत करना होगा।
बिलासपुर की इस उपलब्धि का संदेश साफ है—स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे शहर की सामूहिक प्रतिबद्धता है। 28वीं रैंक से देश के दूसरे सबसे स्वच्छ नदी तटवर्ती शहर तक पहुंचने वाला बिलासपुर अब नंबर-1 बनने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है।



