Blog

पोस्टिंग से लेकर सरकारी ठेकों तक के नाम पर वसूली के आरोप, होटल कारोबारी दीपक टंडन के नए कारनामे आए सामने

पुलिस अधिकारियों, ठेकेदारों और सप्लायरों को निशाना बनाने का दावा; पत्नी के मोबाइल से मिले चैट और स्क्रीनशॉट की भी जांच कर रही पुलिस

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // होटल कारोबारी दीपक टंडन पर धोखाधड़ी और प्रभाव का इस्तेमाल कर लोगों से रकम ऐंठने के आरोपों की परतें खुलने का दावा किया जा रहा है। सामने आई शिकायतों के मुताबिक, वह पुलिस अधिकारियों को मनचाही पोस्टिंग दिलाने और पीडब्ल्यूडी, वन विभाग तथा पर्यटन मंडल में सरकारी ठेके दिलाने का झांसा देकर रकम लेता था। अब इन आरोपों की जांच के लिए रायपुर पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर से लाकर पूछताछ करने की तैयारी में है।

मनचाही पोस्टिंग के नाम पर पुलिस अधिकारियों से रकम लेने का आरोप

बताया जा रहा है कि पिछली सरकार के कार्यकाल में दीपक टंडन ने अच्छी पोस्टिंग दिलाने का भरोसा देकर कई पुलिस अधिकारियों से रकम ली थी। कथित तौर पर उसके झांसे में चार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, तीन उप पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी स्तर के अधिकारी भी आए थे।

आरोप है कि अधिकारियों ने मनचाही पोस्टिंग की उम्मीद में उसे पैसे दिए, लेकिन किसी का काम नहीं हुआ। रकम वापस मांगने पर वह कथित तौर पर टालमटोल करने लगा। बताया जा रहा है कि एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने दबाव बनाकर अपनी रकम वापस ले ली, जबकि तीन अन्य अधिकारियों के पैसे फंस गए। दावा है कि बाद में ये अधिकारी रकम वापस लेने के लिए उसके होटल तक जाने लगे।

कभी आईएएस तो कभी आईपीएस बनकर फोन करने का आरोप

शिकायतों के मुताबिक, दीपक टंडन लोगों को प्रभावित करने के लिए कभी खुद को आईएएस, आईपीएस या आईएफएस अधिकारी बताता था, तो कभी किसी विभाग का कमिश्नर या प्रबंध संचालक बनकर फोन करता था। सरकारी ठेके दिलाने, तबादला-पोस्टिंग कराने और संपत्ति में निवेश के नाम पर लोगों को झांसे में लेने के आरोप भी सामने आए हैं।

कई ठेकेदारों और आपूर्तिकर्ताओं ने कथित तौर पर धमकाकर रकम मांगने की शिकायत भी की है। बताया जाता है कि भरोसा जीतने के लिए वह बड़े नेताओं और अधिकारियों के साथ अपनी तस्वीरें दिखाता था तथा लोगों को मुलाकात के लिए अपने होटल बुलाता था।

पीडब्ल्यूडी और वन विभाग में ठेके दिलाने का झांसा

दीपक पर कोयला कारोबार के साथ पीडब्ल्यूडी, वन विभाग और पर्यटन मंडल में ठेके दिलाने के नाम पर रकम लेने के आरोप हैं। शिकायतों के अनुसार, वह संबंधित विभागों के ठेकेदारों और सप्लायरों को फोन कर खुद को वरिष्ठ अधिकारी बताता था। इस तरीके से वह लोगों का भरोसा जीतकर उनसे पैसे लेने की कोशिश करता था।

होटल के कमरों में खुफिया कैमरे होने की भी चर्चा

दीपक के होटल के कमरों में खुफिया कैमरे लगाए जाने की चर्चा भी सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि इन कैमरों की निगरानी दीपक और उसका साला करते थे तथा मोबाइल फोन के जरिए कैमरों तक उनकी पहुंच थी। होटल में आने वाले लोगों की गतिविधियों और बातचीत की रिकॉर्डिंग किए जाने की बात भी कही जा रही है।

हालांकि, होटल के कमरों में कैमरे लगाए जाने और लोगों की रिकॉर्डिंग किए जाने संबंधी इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पत्नी के मोबाइल में मिले चैट और स्क्रीनशॉट की जांच

दीपक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी पत्नी बरखा टंडन को भी गिरफ्तार किया है। बुधवार को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि बरखा के जब्त मोबाइल फोन से पूर्व मंत्री, आईएएस और डीएसपी स्तर के अधिकारियों से जुड़ी बातचीत के चैट और स्क्रीनशॉट मिले हैं।

मोबाइल की फोटो गैलरी में भी कई लोगों की बातचीत के स्क्रीनशॉट मिलने की बात सामने आई है। पुलिस इन सामग्री की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इन बातचीत और तस्वीरों का कथित वसूली के मामलों से क्या संबंध है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!