राष्ट्रीय

CRPF कैंप पर हमले के बाद कश्मीर में सुरक्षा अलर्ट, तीन जवान घायल; नए संगठन ने ली जिम्मेदारी का दावा

लश्कर के हाथ होने की आशंका के बीच ‘पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर’ का सामने आया नाम, हमले के बाद कई इलाकों में तलाशी अभियान तेज

श्रीनगर ( शिखर दर्शन ) // जम्मू-कश्मीर के दक्षिणी कश्मीर स्थित कुलगाम में सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में निगरानी और तलाशी अभियान तेज कर दिया है। बुधवार दोपहर हुए इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के तीन जवान घायल हुए। इनमें एक जवान की हालत गंभीर बताई गई। हमले के बाद एक नए संगठन का नाम भी सामने आया है, जिसने घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, संगठन की पहचान और हमले में उसकी वास्तविक भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जिम्मेदारी लेने के दावे के साथ दी गई हमलों की चेतावनी

हमले के बाद ‘पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर’ नामक संगठन की ओर से एक कथित बयान और धमकी भरा नोटिस जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसमें हिंदुत्व शासन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के खिलाफ आने वाले दिनों में बड़े हमले करने की चेतावनी देने का दावा किया गया है। संगठन ने कश्मीर में हिंसक गतिविधियां जारी रखने की बात भी कही है।

कश्मीर में आतंकी गतिविधियों के बीच इस संगठन का नाम पहली बार चर्चा में आया है। इसके प्रवक्ता के रूप में मोहम्मद उमर अज्जम का नाम बताया जा रहा है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की ओर से अब तक संगठन की वास्तविक पहचान अथवा हमले से उसके संबंध की पुष्टि सामने नहीं आई है।

अखरान में CRPF के नाके पर अचानक बरसाईं गोलियां

घटना बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे कुलगाम जिले के अखरान इलाके में मीर बाजार के पास हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो हमलावरों ने CRPF की 46वीं बटालियन के जवानों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। हमले में तीन जवानों को गोली लगी।

घायलों को तत्काल अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। इनमें एक जवान को पेट और रीढ़ की हड्डी में गोली लगने के कारण गंभीर हालत में श्रीनगर स्थित सेना के 92 बेस अस्पताल में एयरलिफ्ट किया गया। अन्य दो जवानों की स्थिति स्थिर बताई गई।

हमलावरों की तलाश में संयुक्त अभियान

गोलीबारी के बाद सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास घेराबंदी कर संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा बल आसपास के इलाकों, रास्तों और संदिग्ध ठिकानों की जांच कर रहे हैं। जांच एजेंसियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही हैं, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

प्रारंभिक जांच में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट की संभावित भूमिका की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, इस संबंध में जांच अभी जारी है।

हमले के बाद कुलगाम और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी और वाहनों की जांच बढ़ा दी गई है। सुरक्षाबलों की कोशिश हमलावरों का पता लगाने के साथ ही घाटी में किसी अन्य वारदात की आशंका को रोकने की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!