रायपुर संभाग

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का भोपाल दौरा आज, सौरभ चंद्राकर की CBI कोर्ट में पेशी; मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका भी शुरू

शिवराज सिंह चौहान की माता के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होंगे सीएम साय, महादेव सट्टा मामले में आरोपी से पूछताछ के बाद अदालत में पेशी; 12 नवंबर से मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज, गुरुवार 12 नवंबर को राजनीतिक, न्यायिक और निर्वाचन से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण गतिविधियां देखने को मिलेंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भोपाल दौरे पर रहेंगे, जहां वे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं, महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर को सीबीआई रिमांड समाप्त होने के बाद अदालत में पेश किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश में प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होने के साथ ही मतदाताओं को नाम जुड़वाने और संशोधन कराने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज भोपाल दौरे पर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज भोपाल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता काशीबाई के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

जानकारी के मुताबिक, भोपाल के होशंगाबाद रोड स्थित वृंदावन गार्डन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई है। मुख्यमंत्री दोपहर 1:10 बजे वृंदावन गार्डन पहुंचेंगे और कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके बाद दोपहर 2:10 बजे भोपाल से रायपुर के लिए रवाना होंगे। रायपुर पहुंचने के बाद शाम 5 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में शामिल होंगे।

सौरभ चंद्राकर की आज CBI कोर्ट में पेशी

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में आरोपी और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को आज सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा। सीबीआई रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करेगी।

जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसी ने पिछले आठ दिनों से सौरभ चंद्राकर से मामले के विभिन्न पहलुओं पर गहन पूछताछ की है। इस दौरान महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के संचालन और उससे जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच की गई।

आज रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सीबीआई उसे अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई करेगी। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि जांच एजेंसी आगे की पूछताछ के लिए उसकी रिमांड बढ़ाने की मांग करती है या नहीं।

आज से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका

छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आज यानी 12 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर यह प्रक्रिया संचालित की जा रही है।

12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावा-आपत्ति

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण 2 नवंबर तक पूरा किया जा चुका है। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक मतदाता अपना नाम जुड़वाने, नाम या अन्य विवरण में संशोधन कराने तथा सूची से संबंधित दावा-आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।

इस अवधि में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने का अवसर मिलेगा।

4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

दावा-आपत्ति और पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

ऐसे में जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी मतदाता सूची में शामिल नहीं है या जिनके नाम, पते अथवा अन्य विवरण में त्रुटियां हैं, वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। इससे आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में मतदान के अधिकार का उपयोग करने में उन्हें परेशानी नहीं होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!