Blog

छत्तीसगढ़ में मौसम ने लिया यू-टर्न, ठंडी हवाओं की बदली दिशा; अब तापमान में दिखेगा उतार-चढ़ाव

पश्चिमी विक्षोभ के असर से थमी न्यूनतम तापमान में गिरावट, उत्तर से आने वाली सर्द हवाओं का प्रभाव हुआ कमजोर; आगामी दिनों में मौसम में बड़े बदलाव के आसार नहीं

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में आने वाली हवाओं की दिशा में बदलाव हुआ है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में लगातार जारी गिरावट का सिलसिला फिलहाल थम गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में फिलहाल ठंड बढ़ने की रफ्तार धीमी रहने के आसार हैं।

पिछले 24 घंटे में अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटे के दौरान अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिवाली से पहले ही प्रदेश में रात के तापमान में लगातार गिरावट शुरू हो गई थी। इसके चलते रात और सुबह के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा था। हालांकि, अब तापमान में गिरावट की रफ्तार धीमी पड़ती नजर आ रही है।

उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं का था असर

प्रदेश में ठंड बढ़ने की प्रमुख वजह उत्तर दिशा से आने वाली सर्द हवाएं रही हैं। इनके प्रभाव से न्यूनतम तापमान में लगातार कमी दर्ज की जा रही थी। अब पश्चिमी विक्षोभ के असर से हवाओं की दिशा में बदलाव होने की संभावना है। इसका सीधा प्रभाव रात के तापमान पर पड़ेगा और न्यूनतम पारा थोड़ा ऊपर जा सकता है।

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम ?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी दिनों में छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, प्रदेश के कुछ हिस्सों में पारे में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल ठंड की तीव्रता में तेजी आने के आसार कम हैं। मौसम में होने वाले बदलाव के साथ लोगों को सुबह और रात के समय हल्की ठंड का एहसास बना रह सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!