भाई दूज पर मामा के घर आई मासूम की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार ट्रेलर ने खेलते समय कुचला

पांच साल की हेमा ने मौके पर तोड़ा दम, औद्योगिक वाहनों की आवाजाही से नाराज ग्रामीणों का चक्काजाम; मुआवजे और भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण की मांग
धरसीवां ( शिखर दर्शन ) // भाई दूज की खुशियां एक परिवार के लिए कभी न भूलने वाले मातम में बदल गईं। मां के साथ मामा के घर त्योहार मनाने आई पांच साल की मासूम हेमा को घर के सामने ही तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। दोपहर करीब तीन बजे शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन समाचार लिखे जाने तक जारी था। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
खेलते समय काल बनकर पहुंचा ट्रेलर
मृत बच्ची की पहचान हेमा यादव (5 वर्ष), पिता भीम यादव, निवासी तिल्दा नेवरा के रूप में हुई है। हेमा भाई दूज के अवसर पर अपनी मां के साथ कपसदा गांव में मामा मनहरण यादव के घर आई थी। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे वह घर के सामने सड़क किनारे खेल रही थी। इसी दौरान तिवरैया की ओर से तिल्दा नेवरा जा रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में शामिल ट्रेलर का पंजीयन क्रमांक CG 04 ME 0829 बताया गया है।
मासूम की मौत से भड़का आक्रोश, सड़क पर उतरे ग्रामीण
हादसे की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए और सड़क पर चक्काजाम कर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी। प्रदर्शन के कारण मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
औद्योगिक गतिविधियों ने बढ़ाया भारी वाहनों का दबाव
ग्रामीणों की नाराजगी केवल इस हादसे तक सीमित नहीं है। उनका कहना है कि तिवरैया से सिलयारी होते हुए तिल्दा नेवरा तक जाने वाला मार्ग अब भारी वाहनों की बढ़ती आवाजाही के कारण लगातार खतरनाक होता जा रहा है।
सिलयारी में रेलवे साइडिंग होने के साथ रैता से किरणा और तिल्दा तक कई औद्योगिक इकाइयां स्थापित हैं। इनके संचालन के लिए बड़ी संख्या में भारी वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ सड़क पर भारी वाहनों की संख्या और उनकी रफ्तार भी बढ़ी है। इसके चलते दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले इस मार्ग पर आसपास के गांवों के लोग सहजता से आवागमन करते थे, लेकिन अब तेज रफ्तार भारी वाहनों के बीच पैदल चलना और सड़क पार करना भी जोखिम भरा हो गया है।
मुआवजे के साथ सड़क सुरक्षा की भी मांग
मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है। इसके साथ ही भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने, सड़क पर यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और गांवों से गुजरने वाले मार्ग पर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि औद्योगिक इकाइयों के संचालन के नाम पर आम लोगों और बच्चों की जान जोखिम में नहीं डाली जा सकती। उनका सवाल है कि आखिर इस मार्ग पर किसी बड़े हादसे के बाद ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता क्यों दिखाई जाती है?



