रायपुर संभाग

सीएम साय का रायगढ़ और राजनांदगांव दौरा, पटवारियों की हड़ताल से राजस्व कार्य प्रभावित; युवा उत्सव के लिए पंजीयन कल तक

नवरात्रि की पंचमी पर देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। वहीं, पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से राजस्व संबंधी कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। दूसरी ओर, रायपुर में आज से चार खेलों की राज्य स्तरीय स्कूल प्रतियोगिता शुरू होगी, जिसमें करीब 750 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

रायपुर ( शिखर दर्शन ) //

रायगढ़ और राजनांदगांव के दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री साय

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को रायगढ़ और राजनांदगांव जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री रायगढ़ में आयोजित ‘नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह’ और तमनार क्षेत्र में होने वाले ‘करमा पूजा उत्सव’ में शिरकत करेंगे।

शाम 5:50 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटने के बाद वे शाम 7:15 बजे रायपुर से कार द्वारा राजनांदगांव के लिए रवाना होंगे। रात 9:35 बजे उनके दिग्विजय स्टेडियम ग्राउंड पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वे रात 11:58 बजे मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन लौटेंगे।

पटवारियों की हड़ताल जारी, राजस्व संबंधी काम अटकने की आशंका

छत्तीसगढ़ में पटवारी संघ और शासन के बीच मांगों को लेकर हुई बातचीत का कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका है। मांगों पर सहमति नहीं बनने के कारण पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है।

पटवारी वेतन विसंगति दूर करने, पदोन्नति देने और डिजिटल फसल सर्वेक्षण में आ रही तकनीकी व व्यावहारिक दिक्कतों का समाधान करने सहित कई मांगें उठा रहे हैं। संघ का कहना है कि समस्याओं पर स्पष्ट निर्णय के बिना आंदोलन समाप्त करना संभव नहीं है।

हड़ताल के चलते राजस्व विभाग से जुड़े कार्य प्रभावित हो सकते हैं। फसल सत्यापन, किसान पंजीयन, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी कामों में देरी की आशंका जताई जा रही है। शासन और पटवारी संघ के बीच समाधान नहीं निकलने से आम लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

पंचमी पर मां स्कंदमाता के दर्शन के लिए मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु

नवरात्रि के पांचवें दिन मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप मां स्कंदमाता की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। सुबह से ही देवी मंदिरों में भक्तों की आवाजाही बनी हुई है। श्रद्धालु माता के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां स्कंदमाता भगवान कार्तिकेय की माता हैं। उनका स्वरूप ममता, वात्सल्य और करुणा का प्रतीक माना जाता है। नवरात्रि के अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजन और धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। माता रानी के जयकारों से मंदिरों का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

रायपुर में आज से स्कूल स्टेट गेम्स, 750 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

26वीं स्टेट लेवल स्कूल गेम्स प्रतियोगिता 15 से 18 अक्टूबर तक रायपुर में आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त आयोजन में प्रदेश के रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग के लगभग 750 खिलाड़ी भाग लेंगे। इनके साथ करीब 150 अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

प्रतियोगिता में चार खेल शामिल किए गए हैं। ताइक्वांडो में अंडर-14 और अंडर-19, साइकिलिंग में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19, हॉकी में अंडर-14 बालक वर्ग तथा रोलर स्केटिंग में अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के मुकाबले होंगे।

प्रतियोगिता नॉकआउट प्रारूप में कराई जाएगी। खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था विभिन्न स्कूलों और संस्थानों में की गई है। आयोजन का उद्देश्य स्कूली खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है।

जिला युवा उत्सव में भाग लेने के लिए 16 अक्टूबर तक पंजीयन

रायपुर जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा कलाकार युवा उत्सव 2026-27 में भाग लेने के लिए 16 अक्टूबर तक पंजीयन करा सकते हैं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस उत्सव के माध्यम से जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

पंजीयन आरंग, अभनपुर, तिल्दा और धरसींवा के जनपद पंचायत सीईओ कार्यालयों में कराया जा सकता है। उत्सव में विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज, पारंपरिक वेशभूषा और रॉकबैंड जैसी विधाएं शामिल हैं।

रॉकबैंड प्रतियोगिता केवल राज्य स्तर पर आयोजित होगी। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मक और सांस्कृतिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!