रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा को छह महीने का सेवा विस्तार

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा का कार्यकाल छह महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। राज्य सरकार ने उन्हें छह महीने का सेवा विस्तार दिया है। इस निर्णय के बाद वे अगले छह महीने तक विधानसभा सचिव के पद पर बने रहेंगे।

दिनेश शर्मा ने 2 नवंबर 2020 को विधानसभा सचिव का कार्यभार संभाला था। करीब चार दशक के प्रशासनिक अनुभव वाले शर्मा राज्यसभा और राष्ट्रपति चुनाव में भी महत्वपूर्ण निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।

1987 में शुरू हुआ प्रशासनिक सफर

दिनेश शर्मा का जन्म 5 नवंबर 1963 को जांजगीर-चांपा में हुआ था। उन्होंने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल से एमए की पढ़ाई पूरी की है। वर्ष 1987 में सीधी भर्ती के माध्यम से अविभाजित मध्यप्रदेश में द्वितीय श्रेणी राजपत्रित अधिकारी के रूप में उनकी नियुक्ति हुई थी। इसी के साथ उनके प्रशासनिक करियर की शुरुआत हुई।

वर्ष 2000 में मध्यप्रदेश के विभाजन के बाद उनकी सेवाएं छत्तीसगढ़ विधानसभा को हस्तांतरित कर दी गईं। इसके बाद उन्होंने विधानसभा सचिवालय में अवर सचिव, उप सचिव और अपर सचिव सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाई। प्रशासनिक अनुभव और कार्यक्षमता को देखते हुए 2 नवंबर 2020 को उन्हें विधानसभा सचिव नियुक्त किया गया था।

राज्यसभा और राष्ट्रपति चुनाव में भी निभाई जिम्मेदारी

विधानसभा सचिव के रूप में प्रशासनिक दायित्वों के साथ दिनेश शर्मा निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी निभा चुके हैं। उन्होंने राज्यसभा के द्विवार्षिक निर्वाचन में रिटर्निंग ऑफिसर (निर्वाचन अधिकारी) के रूप में कार्य किया है। इसके अलावा राष्ट्रपति निर्वाचन में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी भी संभाली है।

राज्य सरकार के छह महीने के सेवा विस्तार के फैसले के बाद वे फिलहाल विधानसभा सचिव के पद पर बने रहेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!