स्कूल के बाहर नशा करते मिले छात्र-छात्राएं, वीडियो वायरल होने पर हड़कंप; 7 विद्यार्थियों को TC का नोटिस

कोरबा के धतूरा शासकीय स्कूल का मामला, दो छात्राओं और पांच छात्रों पर कार्रवाई; परिजनों और स्कूल प्रबंधन की बैठक के बाद लिया गया फैसला
कोरबा ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्कूली विद्यार्थियों के नशा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है। वीडियो में कुछ छात्राएं शराब और सिगरेट का सेवन करती दिखाई दे रही हैं, जबकि छात्र स्कूल से बाहर जाकर गांजा पीते नजर आ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाते हुए सात विद्यार्थियों को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) जारी करने का नोटिस थमा दिया है।
14 नवंबर का बताया जा रहा वायरल वीडियो
पूरा मामला पाली विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धतूरा का है। वायरल वीडियो 14 नवंबर का बताया जा रहा है। इसमें कक्षा नौवीं की दो छात्राएं शराब और सिगरेट का सेवन करती दिखाई दे रही हैं। वहीं, पांच छात्र स्कूल से बाहर जाकर गांजा पीते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद विद्यार्थियों के बीच नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और स्कूलों में अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
प्राचार्य ने बुलाई बैठक, सात विद्यार्थियों को नोटिस
वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल के प्राचार्य बलभद्र सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) और संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों की बैठक बुलाई। बैठक में पूरे घटनाक्रम पर चर्चा की गई। इसके बाद दो छात्राओं और पांच छात्रों सहित कुल सात विद्यार्थियों को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) देने का नोटिस जारी किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी को भी भेजी गई जानकारी
स्कूल प्रबंधन ने इस मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र के माध्यम से भेज दी है। हालांकि, इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।



