‘भारतीयों के नरसंहार की साजिश’ अमेरिका के हिंदू मंदिर में 19 वर्षीय युवक नवरात्रि के पहले दिन राइफल और 300 राउंड गोलियां लेकर मंदिर पहुंचा

अमेरिका के इलिनॉय में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की कथित साजिश के मामले में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान राइफल, कारतूस और श्वेत वर्चस्ववादी विचारधारा से जुड़ी सामग्री मिलने की बात सामने आई है। मामले की जांच FBI भी कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं और अदालत ने उसे हिरासत में रखने का आदेश दिया है।
अमेरिका ( शिखर दर्शन ) //
मंदिर पहुंचने के बाद क्या हुआ?
अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों और जांच से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, आरोपी 11 अक्टूबर को राइफल और करीब 300 राउंड कारतूस के साथ ऑरोरा क्षेत्र के एक हिंदू धार्मिक स्थल को निशाना बनाने की तैयारी में था। जांचकर्ताओं को आशंका है कि उसका इरादा वहां सामूहिक गोलीबारी करने का था। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वह किस मंदिर को निशाना बनाना चाहता था, इसकी पुष्टि अभी जांच के दायरे में है।
रिपोर्टों के अनुसार, आरोपी की राइफल जाम हो गई, जिसके बाद वह वहां से निकल गया। बाद में उसने अपने एक सहकर्मी को फोन कर हथियार में आई समस्या के बारे में बताया। सहकर्मियों को मिले संदेशों और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस को संभावित हमले की सूचना मिली, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
घर से राइफल, कारतूस और संदिग्ध दस्तावेज बरामद
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के घर की तलाशी के दौरान एक AR-स्टाइल राइफल, लोडेड मैगजीन, सैकड़ों अतिरिक्त कारतूस, बॉडी आर्मर और अन्य सामरिक उपकरण बरामद किए गए। जांचकर्ताओं को श्वेत वर्चस्ववादी चरमपंथ से जुड़े प्रतीक भी मिले हैं।
पुलिस ने एक दस्तावेज का भी उल्लेख किया है, जिसका शीर्षक “Why I Fought: A.K.A. (Aurora Shooter’s Manifesto)” बताया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इसमें श्वेत वर्चस्ववादी विचारधारा और भारतीय मूल सहित अन्य समुदायों के लोगों के खिलाफ हिंसा से जुड़ी बातें लिखी थीं।
आरोपी पर आतंकवादी धमकी सहित गंभीर आरोप
पुलिस ने 19 वर्षीय एलेक्जेंड्रोस पापोराकिस पर आतंकवादी धमकी देने और निर्धारित कानूनी सीमा से कम लंबाई वाली बैरल की राइफल रखने से संबंधित आरोप लगाए हैं। 14 अक्टूबर को अदालत में सुनवाई के बाद उसे मुकदमे की अगली प्रक्रिया तक हिरासत में रखने का आदेश दिया गया। उसकी अगली पेशी 30 अक्टूबर को निर्धारित है।
मामले की जांच में FBI भी स्थानीय पुलिस की मदद कर रही है। अधिकारियों ने कहा है कि संभावित अतिरिक्त आरोपों की भी जांच की जा रही है। ऑरोरा पुलिस ने क्षेत्र के हिंदू धार्मिक स्थलों को संभावित खतरे के बारे में सूचित किया है।
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने समुदाय से सतर्क रहने की अपील की
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने सोशल मीडिया मंच X पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और समुदाय से सतर्क रहने तथा किसी भी संभावित खतरे की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।
फाउंडेशन ने कहा कि हर समुदाय को बिना किसी डर के अपने धार्मिक स्थलों पर पूजा करने का अधिकार है। मामले की जांच जारी है और पुलिस ने अभी तक लक्षित किए जाने वाले विशिष्ट मंदिर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।



