राजधानी में दिनदहाड़े कारोबारी पर हमला: कार का शीशा तोड़ डंडे-सरिया से पीटा, सोने की चेन लूटकर फरार हुए बदमाश

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक कारोबारी पर हथियारों से हमला कर लूटपाट की गई। बदमाशों ने पहले कारोबारी की कार का शीशा तोड़ा, फिर डंडे, सरिया और हथौड़े से हमला कर उसकी सोने की चेन लूट ली। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट की गई। पूरी वारदात का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
पहले कार पर हमला, फिर कारोबारी को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार घटना लालपुर ब्रिज के नीचे हुई। आरोपियों ने पहले कारोबारी की कार पर पत्थर मारकर पीछे का शीशा तोड़ दिया। जैसे ही कारोबारी वाहन से बाहर निकला, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उस पर डंडे, सरिया और हथौड़े से हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने वालों को भी नहीं बख्शा
हमले के दौरान कारोबारी के साथ मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसी दौरान हमलावर कारोबारी के गले से सोने की चेन लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना का वीडियो आया सामने
दिनदहाड़े हुई इस वारदात का वीडियो सामने आया है, जिसमें हमलावरों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।



