बिलासपुर संभाग

छत्तीसगढ़ आज : मुख्यमंत्री का दुर्ग-रायपुर दौरा, शाला प्रवेशोत्सव से ग्राम सभाओं तक कई अहम कार्यक्रम

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रदेश में मंगलवार को शिक्षा, ग्रामीण विकास, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर और दुर्ग जिले के दौरे पर रहेंगे, जबकि प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सम्मानित हुई छत्तीसगढ़ की डॉक्यूमेंट्री ‘राम-नामी’ को लेकर भी प्रदेश में उत्साह का माहौल है।

मुख्यमंत्री का दिनभर का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री निवास में आयोजित बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे दुर्ग जिले के जामगांव (एम) पहुंचकर राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर 2:45 बजे वे रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित गौ सेवा संगम कार्यक्रम में शामिल होंगे।

जामगांव में होगा राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव

दुर्ग जिले के जामगांव (एम) में दोपहर 12 बजे से राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत करेंगे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव तथा पाटन विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी उपस्थित रहेंगे।

प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा

प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में मंगलवार को विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। ग्राम सभा में ‘विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन’ के अंतर्गत पंचायतों की विकास संबंधी आवश्यकताओं पर चर्चा कर विभिन्न विकास कार्यों को मंजूरी दी जाएगी। प्रत्येक ग्राम सभा के लिए पीठासीन अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे तथा बैठक की विस्तृत प्रतिवेदन संबंधित जिला कार्यालय को भेजी जाएगी।

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से गौरवान्वित हुआ छत्तीसगढ़

72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में छत्तीसगढ़ के रामनामी समाज की आस्था, संस्कृति और विरासत पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘राम-नामी’ को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र का सम्मान मिला है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए फिल्म के निर्देशक भरतबाला गणपति और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि रामनामी समाज की अनूठी परंपरा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का गौरवशाली प्रतीक है और यह सम्मान प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगा।

रायपुर में रंगीला सावन प्रदर्शनी

गुढ़ियारी माहेश्वरी महिला संगठन की ओर से ‘रंगीला सावन प्रदर्शनी’ का आयोजन मंगलवार सुबह 10 बजे से गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम भवन में किया जाएगा। प्रदर्शनी में सावन पर्व से जुड़े विविध उत्पाद, हस्तशिल्प और घरेलू उपयोग की वस्तुएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!