अपोलो की स्वास्थ्य सेवाओं पर मंथन, कांग्रेस ने उठाए सवाल; प्रबंधन ने किए कई अहम वादे

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // अपोलो अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच शुक्रवार को जिला प्रशासन की मध्यस्थता में कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह की मौजूदगी में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल और अपोलो अस्पताल प्रबंधन के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में मरीजों के उपचार, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, एम्बुलेंस व्यवस्था, आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अस्पताल की जवाबदेही जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने विभिन्न व्यवस्थाओं में सुधार का भरोसा दिया।
मरीजों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग
बैठक की शुरुआत में बेलतरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि अस्पताल की पहली जिम्मेदारी मरीजों का जीवन बचाना और समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए आयुष्मान भारत योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति आर्थिक कारणों से इलाज से वंचित न रहे।
गंभीर बीमारियों को भी आयुष्मान योजना में शामिल करने की मांग
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने हार्ट, किडनी, फेफड़े, मस्तिष्क और न्यूरो संबंधी गंभीर बीमारियों के मरीजों को भी आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने की मांग उठाई। उनका कहना था कि ऐसे मरीजों के लिए समय पर इलाज जीवन और मृत्यु का प्रश्न होता है।
24 घंटे एम्बुलेंस सेवा पर उठे सवाल
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि 24 घंटे पूरी तरह सुसज्जित एम्बुलेंस और प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी गंभीर परिणाम पैदा कर सकती है।
मरीजों की समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा
बैठक में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल की उपचार व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं, मरीजों और उनके परिजनों को होने वाली परेशानियों सहित कई मुद्दों को प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन के समक्ष रखा। प्रतिनिधियों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा एक मानवीय दायित्व है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
अपोलो प्रबंधन ने दिए सुधार के आश्वासन
अपोलो अस्पताल के यूनिट हेड (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) अभय गुप्ता ने बैठक में कहा कि एम्बुलेंस व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा तथा आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान भारत योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में कैंसर मरीजों को आयुष्मान योजना के तहत उपचार की सुविधा दी जा रही है। वहीं हृदय, किडनी, फेफड़े, मस्तिष्क और न्यूरो रोगों को भी योजना के दायरे में शामिल करने के संबंध में अस्पताल का शीर्ष प्रबंधन विचार करेगा।
“विरोध नहीं, मरीजों के हित की चिंता”
बैठक के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी संस्था का विरोध करना नहीं, बल्कि मरीजों के हितों की रक्षा करना और जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बैठक में दिए गए आश्वासनों के क्रियान्वयन पर लगातार नजर रखी जाएगी।
बैठक में रहे उपस्थित
बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह, अपोलो अस्पताल के यूनिट हेड अभय गुप्ता, जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं अस्पताल प्रबंधन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




