बिलासपुर संभाग

बारिश के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जलभराव वाले इलाकों में 45 टीमें तैनात

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // पिछले 24 घंटे में हुई रिकॉर्डतोड़ बारिश के बाद जिले में जलजनित और संक्रामक बीमारियों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल ने आकस्मिक समीक्षा बैठक लेकर सभी अधिकारियों और मैदानी अमले को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी, दवाओं की उपलब्धता, पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन तथा सड़ी-गली खाद्य सामग्री के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।

45 कॉम्बेट टीमें रहेंगी तैनात

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, शहरी स्वास्थ्य अधिकारी तथा कॉम्बेट टीमों के सदस्य शामिल हुए। सीएमएचओ ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में जलभराव हुआ है, वहां स्वास्थ्य कर्मी लगातार निगरानी रखें और जरूरत पड़ने पर तत्काल दवाइयां उपलब्ध कराएं।

बैठक में बताया गया कि जिला एवं विकासखंड स्तर पर कुल 45 कॉम्बेट टीमों का गठन किया गया है। सभी टीमों को हर समय तैयार रहने और मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने बताया कि आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।

इन क्षेत्रों पर रहेगी विशेष नजर

भारी बारिश से प्रभावित जोरापारा, चिंगराजपारा, चचुहियापारा, बंधवापारा, बसंत विहार, तिफरा सहित अन्य जलभराव वाले इलाकों को विशेष निगरानी में रखा गया है। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी।

क्लोरीनेशन और ब्लीचिंग के निर्देश

सीएमएचओ ने सभी पेयजल स्रोतों में क्लोरीनेशन और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों को स्वच्छ पेयजल उपयोग करने और मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाने को कहा गया है।

सड़ी-गली खाद्य सामग्री पर होगी कार्रवाई

बारिश के मौसम में सड़ी-गली सब्जियां, फल, मांस और मछली की बिक्री रोकने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे खाद्य पदार्थ बेचते पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए उन्हें नष्ट कराया जाएगा। दुकानदारों को खाद्य सामग्री ढंककर बेचने के लिए भी कहा गया है।

बीमारी की सूचना तत्काल देने के निर्देश

मैदानी स्वास्थ्य अमले को निर्देश दिए गए हैं कि बुखार, उल्टी-दस्त अथवा किसी भी संक्रामक बीमारी के संभावित प्रकोप की सूचना तुरंत नोडल अधिकारी, आईडीएसपी अथवा संबंधित टीम को दें, ताकि तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

नागरिकों से अपील

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से केवल स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने, भोजन की स्वच्छता बनाए रखने तथा बुखार, उल्टी-दस्त या अन्य मौसमी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।

आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर

  • जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार तिवारी – 8770664365
  • बिलासपुर (बीएमओ) डॉ. रक्षित जोगी – 9009727934
  • बिल्हा डॉ. श्रीकेश गुप्ता – 9009731426
  • कोटा डॉ. निखिलेश गुप्ता – 9770146540
  • मस्तूरी डॉ. अनिल कुमार – 9827505957
  • तखतपुर डॉ. उमेश साहू – 9407728300
  • शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. टार्ज़न आदिले – 7241133198
  • डिस्ट्रिक्ट एपिडेमियोलॉजिस्ट पंकज सिंह – 7587038622

भारी बारिश के दौरान किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में नागरिक इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर तत्काल चिकित्सा सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!