धर्म पूछकर भारतीय युवक पर चाकू से हमला, अमेरिका में 15 वार से गंभीर घायल

अमेरिका // अमेरिका के यूटा राज्य में एक भारतीय युवक पर कथित रूप से धर्म पूछकर किए गए जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। वेस्ट वैली सिटी स्थित वैली फेयर मॉल में एक भारतीय मुस्लिम युवक पर आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ 15 वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
धर्म पूछने के बाद किया हमला
पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार को वैली फेयर मॉल में हुई। 48 वर्षीय आरोपी पीटर माइकल लार्सन पहले पीड़ित के पास पहुंचा और बातचीत के दौरान उसका धर्म पूछा। युवक द्वारा स्वयं को मुस्लिम बताए जाने के बाद आरोपी ने उस पर चाकू से लगातार कई वार कर दिए।
आरोपी ने पुलिस के सामने कबूला मकसद
जांच के दौरान आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर पीड़ित को मुस्लिम होने के कारण निशाना बनाया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जांचकर्ताओं से कहा कि उसका उद्देश्य मुसलमानों को निशाना बनाना था। मामले की जांच घृणा अपराध (हेट क्राइम) सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
लोगों की सूझबूझ से पकड़ा गया आरोपी
हमले के दौरान मॉल में मौजूद लोगों ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
परिवार का इकलौता कमाने वाला है पीड़ित
पीड़ित की पहचान उसके सहयोगियों ने सोहेल के रूप में की है। साथ काम करने वाले लोगों के अनुसार वह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है। उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।



