बिलासपुर संभाग

पत्थरों से कुचलकर युवक की हत्या, सिरगिट्टी क्षेत्र में सनसनी; एसएसपी, सीएसपी और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा

वार्ड क्रमांक 46 गणेश नगर की गली में मिला युवक का रक्तरंजित शव, पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 46 स्थित गणेश नगर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक गली में खून से लथपथ युवक का शव मिलने की सूचना सामने आई। बीच सड़क पर शव पड़े होने की खबर मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर सिरगिट्टी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मोहल्ले में रहने वाले लगभग 26 वर्षीय इरफान बंजारे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह स्थानीय लोग जब अपने घरों से बाहर निकले, तब उन्होंने गली के बीच युवक का शव पड़ा देखा। शव के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी, सीएसपी, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।

पुलिस जांच के दौरान शव के पास से खून से सने सीमेंट के दो बड़े पत्थर बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक आशंका है कि अज्ञात हमलावरों ने इन्हीं भारी पत्थरों से युवक के सिर और शरीर पर वार कर उसकी निर्मम हत्या की है।

पुलिस के अनुसार घटना देर रात की बताई जा रही है। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है तथा संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!