बांग्लादेश में फिर अल्पसंख्यक पर हमला: हिंदू पुजारी का शव पेड़ से लटका मिला

तीन दिन से लापता थे पुजारी, हत्या या आत्महत्या—जांच में जुटी पुलिस
ढाका ( एजेंसी ) // बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक हिंदू पुजारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका हुआ मिला। पुजारी तीन दिन से लापता थे, जिसके बाद उनका शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार चटगांव जिले के रहने वाले करीब 40 वर्षीय नयन साधु कॉक्स बाजार सदर उपजिला के खुरुशकुल यूनियन स्थित शिव-काली मंदिर में पुजारी के रूप में सेवा दे रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक 19 अप्रैल की शाम दो अज्ञात व्यक्ति उन्हें अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद वे लापता हो गए। तीन दिन बाद उनका शव गांव के बाहरी इलाके के पहाड़ी क्षेत्र में एक पेड़ से लटका मिला।
मामले को लेकर बांग्लादेश हिंदू-बौद्ध-ईसाई एकता परिषद ने कड़ी प्रतिक्रिया जताते हुए इसे गंभीर घटना बताया है और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी व सख्त सजा की मांग की है। परिषद ने कहा कि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है।
वहीं पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
बताया जा रहा है कि पुजारी की पत्नी ने 19 अप्रैल को उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद से पुलिस मामले की जांच कर रही थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।



