दुर्ग संभाग

दुर्ग में खून से सनी सुबह: आरक्षक की पत्नी और मासूम बेटे की निर्मम हत्या

घर में घुसकर महिला का तांडव, दो बेटियां लहूलुहान… आरोपी मौके पर दबोची गई

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // जिले के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित STF कॉलोनी में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और उसके 9 वर्षीय बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी। इस हमले में परिवार की दो बेटियां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज जारी है।

मृतका की पहचान रीना यादव के रूप में हुई है। उनके पति ललितेश यादव STF में आरक्षक हैं और घटना के समय बीजापुर में पदस्थ होने के कारण घर पर मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि वारदात के समय वे रेलवे स्टेशन पर रिजर्वेशन कराने गए हुए थे।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज (25) सुबह करीब 8 बजे घर पहुंची और सो रहे परिवार पर अचानक हमला कर दिया। हमले की बर्बरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मासूम बच्चे पर कई बार चाकू से वार किया गया।

हमले के दौरान एक बेटी बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रही, जबकि दूसरी बेटी किसी तरह बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में कामयाब हुई। मौके पर पहुंचे लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी महिला को पकड़ लिया और उसके पास से चाकू छीनकर पुलिस के हवाले कर दिया।

प्राथमिक जांच में इस वारदात के पीछे अवैध संबंध की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!