अन्तर्राष्ट्रीय

कनाडा में बुजुर्ग भारतीय पर नस्लीय हमला, युवक ने दिए धक्के

“तुम मेरे देश में क्या कर रहे हो” कहकर की बदसलूकी, आरोपी गिरफ्तार

वुडस्टॉक ( एजेंसी ) // कनाडा के ओंटारियो प्रांत के वुडस्टॉक शहर में एक बुजुर्ग सिख व्यक्ति के साथ नस्लीय हमला और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग व्यक्ति फुटपाथ पर जा रहे थे, तभी एक नकाब पहने युवक ने उन्हें रोककर नस्लीय टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं और उनसे कहा कि “तुम मेरे देश में क्या कर रहे हो” तथा उन्हें कनाडा छोड़कर पंजाब लौट जाने को कहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी युवक ने पहले बुजुर्ग को घेरा और फिर उन्हें धक्का भी दिया। यह घटना 22 अप्रैल को सुबह करीब 11:35 बजे नाइट्स लेन इलाके में टर्टल आइलैंड स्कूल के पास हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में आरोपी लगातार अपशब्द और नस्लीय गालियां देता हुआ नजर आ रहा है।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे जमीन पर गिराकर काबू किया और उसके खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

वुडस्टॉक पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी ने यह कृत्य अकेले किया और इसके पीछे किसी समूह की संलिप्तता नहीं पाई गई है। हालांकि सिख समुदाय इस घटना को कनाडा में बढ़ते एंटी-सिख हेट क्राइम से जोड़कर देख रहा है।

पुलिस ने बताया कि जांच पूरी होने तक कनाडाई कानून के अनुसार आरोपी और पीड़ित की पहचान सार्वजनिक नहीं की जा सकती। वहीं, बुजुर्ग के परिवार की ओर से भी अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!