बड़ी खबर: कार्बन फैक्ट्री में केमिकल टैंक फटा, बड़ा हादसा टला

धमाके के बाद फैला धुआं और गर्म लावा, मजदूर बाल-बाल बचे
कोरबा ( शिखर दर्शन ) // इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में सोमवार को केमिकल टैंक फटने से हड़कंप मच गया। धमाके के बाद फैक्ट्री परिसर में गर्म लावा और धुआं फैल गया, हालांकि गनीमत रही कि इस दौरान मौजूद मजदूर बाल-बाल बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में टैंकर के जरिए लिक्विड केमिकल लाकर टैंकों में स्टोर किया जाता है, जिससे कार्बन तैयार किया जाता है। इसी प्रक्रिया के दौरान अचानक एक टैंक फट गया, जिससे आसपास का इलाका धुएं और गर्म पदार्थ से भर गया।
घटना के बाद मजदूरों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिस पर सीएसईबी की फायर टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।
घटना से जुड़े अहम बिंदु—
- केमिकल टैंक फटने से फैक्ट्री में मचा हड़कंप
- गर्म लावा और धुआं चारों तरफ फैला
- मजदूरों ने भागकर बचाई जान
- फायर टीम ने पानी और फोम से आग पर पाया काबू
सीएसईबी के फायरमैन धर्मेंद्र कुमार पटेल के अनुसार सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और दो टैंकर पानी व फायर फोम का छिड़काव कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
घटना ने हाल ही में सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट हादसे की याद ताजा कर दी है। यदि इस दौरान कोई कर्मचारी टैंक की चपेट में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय स्तर पर आरोप लग रहे हैं कि फैक्ट्री में औद्योगिक सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही है। बताया जा रहा है कि परिसर के बाहर यह तक स्पष्ट नहीं किया गया है कि अंदर किस प्रकार का कार्य किया जाता है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।



