दुर्ग संभाग

पति की हत्या का मामला, पत्नी ने सिलबट्टे से वार कर उतारा मौत के घाट

पहले दर्ज कराई थी एफआईआर, जमानत के बाद घर लौटे पति से हुआ विवाद

दुर्ग / भिलाई ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत कैंप-2 स्थित दुर्गा पारा, वार्ड 35 में पत्नी द्वारा पति की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीती रात हुए इस घटनाक्रम में 40 वर्षीय डोमन साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी पत्नी हीरामणी साहू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और आए दिन झगड़े होते रहते थे। पड़ोसियों के मुताबिक घरेलू विवाद का असर बच्चों पर भी पड़ रहा था और मोहल्ले के लोग भी इस कलह से परेशान थे। मृतक अक्सर शराब के नशे में घर आकर विवाद करता था और मारपीट की घटनाएं भी सामने आती थीं।

बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले ही 19 अप्रैल को पत्नी हीरामणी साहू ने जामुल थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया था। हालांकि उसे जमानत मिल गई और वह घर लौट आया।

घर लौटने के बाद पुलिस में शिकायत करने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद फिर से बढ़ गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर पत्नी ने सिलबट्टे से पति के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!