बिलासपुर संभाग

वेदांता पावर प्लांट हादसा : उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने घायलों से मुलाकात कर दिए उपचार के निर्देश

रायगढ़ के अस्पतालों का दौरा, गंभीर घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने पर जोर

शक्ति ( शिखर दर्शन ) // रायगढ़ जिले में वेदांता पावर प्लांट हादसे के बाद प्रदेश के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने विभिन्न अस्पतालों का दौरा कर घायल श्रमिकों का हालचाल जाना। उन्होंने शासकीय और निजी अस्पतालों में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि सभी मरीजों को सर्वोत्तम एवं समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाए।

मंत्री ने बताया कि सिंघीतराई स्थित वेदांता प्लांट में हुए इस भीषण हादसे के बाद जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया था और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया था। घायलों को रायगढ़ के फोर्टिस, मेट्रो, मेडिकल कॉलेज और अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को रायपुर के कालड़ा अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यदि किसी की लापरवाही पाई जाती है तो श्रम कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे में कुल 36 श्रमिक प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 20 की मौत हो चुकी है और 16 घायल हैं जिनका इलाज जारी है। सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है, वहीं कंपनी प्रबंधन ने भी प्रभावित परिवारों को मुआवजा और रोजगार सहायता देने का आश्वासन दिया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!