मॉर्निंग वॉक के दौरान दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित वाहन ने 2 महिलाओं को कुचला

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में सुबह-सुबह मातम, मौके पर दोनों की मौत, चालक फरार
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही ( शिखर दर्शन ) // जिले में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं को तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप कैंपर वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
यह हादसा सुबह करीब 6:15 बजे गौरेला थाना क्षेत्र के आईटीआई सेमरा के पास मेन रोड पर हुआ। जानकारी के अनुसार, सारबहरा रोड निवासी बेला बाई पनसारी और सुशीला वर्मा रोज की तरह सुबह सैर के लिए निकली थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे पिकअप कैंपर वाहन (क्रमांक MP 21 G 0992) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
उपनिरीक्षक सनत रात्रे ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में वाहन का हेल्पर संदीप यादव घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए भेजा गया है।
घटना के बाद चालक लल्लू वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि कैंपर वाहन कोरबा से कटनी की ओर जा रहा था।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।



