बिलासपुर संभाग

काम में लापरवाही पर एक्शन: निगम कमिश्नर का औचक निरीक्षण, तीन कर्मचारियों को नोटिस

ड्यूटी से गायब मिले कर्मचारी, लंबित फाइलों पर जताई नाराजगी, व्यवस्था सुधारने दिए सख्त निर्देश

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // नगर निगम में कामकाज को लेकर सख्ती बढ़ गई है। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने विकास भवन स्थित मुख्यालय का औचक निरीक्षण कर लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर शाम करीब 4:30 बजे अचानक दफ्तर पहुंचे और सभी शाखाओं का जायजा लिया। इस दौरान योजना शाखा के दो कर्मचारी ड्यूटी के समय अपनी सीट से गायब मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने साफ कहा कि अनुशासनहीनता और काम में लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।

पीएम आवास शाखा की समीक्षा के दौरान कई आवेदन लंबे समय से लंबित पाए गए। इस पर जिम्मेदार क्लर्क को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ देने में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।

भवन शाखा में भी लंबित भवन अनुज्ञा प्रकरणों पर नाराजगी जताते हुए समय-सीमा में निपटान के निर्देश दिए गए। वहीं, विभागों के बाहर नाम पट्टिका नहीं लगाए जाने पर स्टोर प्रभारी के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर की साफ-सफाई और फाइलों के रख-रखाव पर भी विशेष जोर दिया गया। कमिश्नर ने कहा कि दफ्तर व्यवस्थित और स्वच्छ रहेगा तो कार्यक्षमता बढ़ेगी और आम लोगों को भी बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!