कल से फिर रफ्तार पकड़ेगा मानसून, उत्तरी छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिन मध्यम बारिश के आसार

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार एक बार फिर तेज होने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग के अनुसार 13 जुलाई से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। विशेष रूप से उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि अब तक प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य से 21 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।
13 जुलाई से बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में सरगुजा और बस्तर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। प्रदेश में मौसम प्रणालियां सक्रिय होने के कारण आगामी दिनों में वर्षा का दायरा और बढ़ने की संभावना है।
रायपुर में बादल और बारिश के आसार
मौसम विभाग ने रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को आंशिक से घने बादल छाए रहने तथा गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना जताई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
सक्रिय मौसम प्रणाली का असर
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बिहार और आसपास के क्षेत्रों में भी 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
कई क्षेत्रों में हुई हल्की से मध्यम बारिश
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक डौरा कोचली में 4 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं बलरामपुर, कुनकुरी, जशपुरनगर, वाड्राफनगर, दुलदुला और शंकरगढ़ में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा चलगली, सन्ना, रामानुजनगर, कुसमी और प्रतापपुर में 2-2 सेंटीमीटर तथा ओडगी, भैयाथान, छिंदगढ़, कांसाबेल, बगीचा, मनोरा, उदयपुर, सूरजपुर, राजपुर, चांदो, कापू और बागबहार में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
तापमान सामान्य से ऊपर
बारिश की कमी के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में दुर्ग में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में वर्षा बढ़ने के साथ तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।



