बिलासपुर संभाग

लंबित मांगों को लेकर सहायक शिक्षक फेडरेशन ने जनप्रतिनिधियों को सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ने प्रांतीय आह्वान के तहत अपनी विभिन्न लंबित एवं ज्वलंत मांगों के समर्थन में शनिवार को जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बिलासपुर सांसद एवं केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू तथा कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।

जिला अध्यक्ष सुनील पांडेय एवं प्रदेश प्रवक्ता चंद्र प्रकाश तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में फेडरेशन ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राठौर, रंजीत बनर्जी और अश्विनी कुर्रे के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है। पहले चरण के तहत जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की लंबित मांगों से अवगत कराया जा रहा है।

फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने बिलासपुर सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू से मुलाकात कर सहायक शिक्षकों की समस्याओं पर चर्चा की तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव को भी ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण कराने की मांग रखी।

फेडरेशन के मीडिया प्रभारी वीरेन्द्र यादव ने बताया कि कार्यक्रम में जिला संयोजक ढोला लाल पटेल, जिला महामंत्री कृष्णा कौशिक, महासचिव अजीत कुजूर, बिल्हा ब्लॉक अध्यक्ष आशुतोष राजपूत, ब्लॉक सचिव अनिमेष दीक्षित, जिला संयुक्त सचिव संजय यादव, जिला उपाध्यक्ष देवेन्द्र कुमार साहू, विधि सलाहकार विवेक तिवारी, रविन्द्र बागड़े सहित बड़ी संख्या में फेडरेशन के पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!