बस्तर संभाग

पति की हत्या की साजिश में पत्नी गिरफ्तार, साथियों संग हमला कर कुएं में फेंका; उपचार के दौरान हुई मौत

घरेलू विवाद के बीच रची गई वारदात, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी

बीजापुर ( शिखर दर्शन ) // बीजापुर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला पर अपने साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या कराने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-7 शांतिनगर निवासी दिलीप कड़ियम और उसकी पत्नी रिंकी कुड़ियम नगर पालिका बीजापुर में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद और आपसी अनबन चल रही थी।

साथियों के साथ मिलकर किया हमला

पुलिस जांच के मुताबिक 5 जुलाई को रिंकी कुड़ियम ने कुछ युवकों के साथ मिलकर दिलीप पर हमला किया। आरोप है कि पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, फिर धारदार हथियार से हमला किया गया। इसके बाद सिर पर पत्थर से वार कर उसे घर के पास स्थित एक कुएं में धक्का दे दिया गया।

उपचार के दौरान हुई मौत

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल दिलीप को परिजन जिला अस्पताल बीजापुर लेकर पहुंचे। हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए महारानी अस्पताल (मेकाज), जगदलपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पत्नी गिरफ्तार, अन्य आरोपी फरार

परिजनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी रिंकी कुड़ियम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!