बस्तर संभाग

भाई बना भाई का दुश्मन: कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, बेटे को बचाने दौड़ी मां भी हुई लहूलुहान

पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, गंभीर घायल युवक अस्पताल में भर्ती; पुलिस जांच में जुटी

कोंडागांव (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। फरसगांव ब्लॉक के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कोटपाड में बड़े भाई ने कथित तौर पर अपने ही छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। बेटे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची मां भी हमले की चपेट में आकर घायल हो गईं। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटपाड निवासी सलीम पटेल (24 वर्ष) शुक्रवार शाम अपनी मां रामोतीन पटेल के साथ घर में भोजन कर रहा था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई जितेंद्र पटेल वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद कथित तौर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में सलीम के सिर, पीठ और जांघ पर गंभीर चोटें आईं। बेटे की जान बचाने के लिए जब मां बीच में आईं तो वे भी घायल हो गईं। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया।

गंभीर रूप से घायल सलीम पटेल को डायल-112 की सहायता से रात करीब 8:30 बजे फरसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। वहीं मां रामोतीन पटेल का प्राथमिक उपचार कोटपाड अस्पताल में किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ेडोंगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, हमले के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के हिंसक रूप लेने की चिंताजनक तस्वीर सामने रख दी है, जहां मामूली विवाद भी गंभीर आपराधिक घटनाओं में बदलते जा रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!