छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार धीमी, रायपुर में उमस से लोग बेहाल; कई जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। पिछले दो दिनों की अच्छी बारिश के बाद राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं होने से उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनने के बाद ही बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
रायपुर में बादल, गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
कमजोर पड़ रहा है मौसम तंत्र
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी भाग में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है, लेकिन अगले 24 घंटे में इसके कमजोर पड़ने की संभावना है। वहीं मानसून द्रोणिका उत्तर भारत से पूर्वोत्तर की ओर सक्रिय है। प्रदेश में व्यापक वर्षा के लिए बंगाल की खाड़ी में नए मौसम तंत्र के बनने का इंतजार किया जा रहा है।
इन क्षेत्रों में हुई अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान रघुनाथनगर, कुसमी और बड़ेबचेली में 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। कापू, दर्री, लैलूंगा, शंकरगढ़, कोरबा, बैकुंठपुर, प्रेमनगर और मुंगेली में 3 सेंटीमीटर तक बारिश हुई। इसके अलावा बिलासपुर, बीजापुर, अकलतरा, बिलाईगढ़, छिंदगढ़, दुर्गकोंदल, सारागांव सहित कई क्षेत्रों में 2 सेंटीमीटर तथा प्रदेश के अनेक जिलों में 1 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।
कई जिलों में यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।



