रायपुर संभाग

CM साय आज श्रमिकों को देंगे 39.67 करोड़ की सौगात, 200 मेधावी बच्चों का सम्मान; भूपेश बघेल दिल्ली रवाना, सुकमा में मेगा आयुष्मान कैंप

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक गतिविधियों से भरा रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में 1.45 लाख से अधिक श्रमिकों और उनके परिवारों को 39.67 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता अंतरित करेंगे। कार्यक्रम में निर्माण श्रमिकों के 200 मेधावी बच्चों को भी सम्मानित किया जाएगा। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली रवाना होंगे। सुकमा में ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए बड़ा अभियान चलेगा।

1.45 लाख से अधिक श्रमिकों के खातों में पहुंचेगी राशि

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दोपहर करीब 12 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम पहुंचेंगे। यहां ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इस दौरान निर्माण श्रमिकों के शैक्षणिक और खेलकूद क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 200 मेधावी बच्चों का सम्मान किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 18 श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के तहत 1 लाख 45 हजार 841 श्रमिकों और उनके परिवारों के बैंक खातों में 39.67 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित करेंगे। इस राशि से श्रमिक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलेगा।

भूपेश बघेल आज दिल्ली जाएंगे

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दिल्ली के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह करीब 9 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल से नियमित विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

करीब सवा 11 बजे दिल्ली पहुंचने के बाद वे छत्तीसगढ़ भवन जाएंगे। दिल्ली प्रवास के दौरान उनके कांग्रेस की संगठनात्मक बैठकों में शामिल होने और राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात करने की संभावना है। पूर्व मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम भी दिल्ली में ही रहेगा। उनकी रायपुर वापसी का कार्यक्रम फिलहाल तय नहीं है। दिल्ली से उनके पंजाब जाने की भी चर्चा है।

सुकमा में 30 गांवों में लगेगा मेगा आयुष्मान कैंप

सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड में आज पात्र लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के लिए मेगा आयुष्मान कैंप लगाया जाएगा। कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन में होने वाले इस अभियान के लिए 186 टीमें तैनात की गई हैं।

कैंप सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा। इस दौरान पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। अभियान के तहत छिंदगढ़ विकासखंड के 30 गांवों को शामिल किया गया है।

इनमें कुन्ना, मिचवार, डब्बा, पुसगुन्ना, कुंदनपाल, अधिकारीरास, पालेम, पेरमारास, कावराकोपा, चिड़पाल, कंकेपाल, टाहकवाड़ा, चियुरवाड़ा, टोंगरास, बोदरास, पेदारास, कुकानार, कोडरीपाल-2, सौतनार, कोकावाड़ा, गुम्मा, नेतानार, तालनार, गंजेनार, कवासीरास, उरमापाल, गुड़रा, मेखावाया, चिपुरपाल और केरातोंग शामिल हैं।

ईद मिलादुन्नबी पर निकलेगी बाइक रैली

ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर आज हुसैनी सेना की बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली दोपहर 3 बजे बंजारी वाले बाबा की दरगाह के सामने औलिया चौक से शुरू होगी और शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए संतोषी नगर-संजय नगर में समाप्त होगी।

आयोजकों के अनुसार रैली को विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाज के प्रतिनिधि हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!