महाराष्ट्र

जिला अस्पताल के NICU में भीषण आग, धुएं से दम घुटने पर 3 नवजातों की मौत; 6 बच्चों का इलाज जारी

अमरावती ( शिखर दर्शन ) // महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल में सोमवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नवजात शिशु गहन चिकित्सा विभाग (NICU) में अचानक आग लग गई। हादसे में तीन नवजात बच्चों की धुएं में दम घुटने से मौत हो गई। आग लगने के समय संबंधित कक्ष में 12 नवजातों का उपचार चल रहा था।

जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि NICU में लगे एक वेंटिलेटर में अचानक विस्फोट हुआ, जिसके बाद कुछ ही देर में आग भड़क उठी। आग के साथ पूरे कक्ष में घना धुआं भर गया और अस्पताल में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

12 नवजातों को बचाने में जुटे डॉक्टर और कर्मचारी

आग की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने जोखिम उठाकर NICU में मौजूद बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया।

हालांकि, कक्ष में धुआं तेजी से फैलने और इसकी मात्रा अधिक होने के कारण तीन नवजात बच्चों की दम घुटने से मौत हो गई। अन्य बच्चों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

6 नवजातों का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इलाज

हादसे के बाद छह नवजात बच्चों को अमरावती के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही हैं।

जिला महिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर नवजात शिशुओं के लिए तीन गहन चिकित्सा कक्ष हैं। प्रत्येक कक्ष में 13 नवजातों के उपचार की क्षमता है। जिस कक्ष में आग लगी, वहां घटना के समय 12 बच्चे भर्ती थे।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और वेंटिलेटर में विस्फोट की वजह की जांच की जा रही है। हादसे के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!