मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश के स्कूलों में 1 से 3 सितंबर तक मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व, भोपाल में सीलिंग के खिलाफ व्यापारियों की बड़ी बैठक; CM मोहन यादव के आज ये कार्यक्रम

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के स्कूलों में इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व विशेष रूप से मनाया जाएगा। लोक शिक्षण संचालनालय ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर 1 से 3 सितंबर 2026 तक स्कूलों में सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करने को कहा है। वहीं, सीलिंग के विरोध में भोपाल के व्यापारियों की आज बड़ी बैठक होगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दिनभर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

स्कूलों में होंगी श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित प्रस्तुतियां

जन्माष्टमी के अवसर पर प्रदेश के स्कूलों में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मंचन कराया जाएगा। विद्यार्थियों के लिए श्रीकृष्ण की शिक्षाओं, श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों पर आधारित नाट्य एवं नृत्य प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।

इसके साथ ही धार्मिक मान्यताओं और उनसे जुड़े प्रसंगों को समझाने के उद्देश्य से व्याख्यान भी होंगे। सांदीपनि विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें गुरु सांदीपनि, गुरु-शिष्य परंपरा और श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े प्रसंगों पर परिचर्चा तथा नाट्य मंचन कराया जाएगा।

लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिलों को आयोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रमों के फोटो और आयोजन का पालन प्रतिवेदन ई-मेल के माध्यम से संचालनालय को भेजना होगा। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों और गुरु-शिष्य परंपरा से जोड़ना बताया गया है।

सीलिंग के विरोध में आज व्यापारियों की बड़ी बैठक

भोपाल में नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों की आज महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। भोपाल चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (बीसीसीआई) की ओर से बुलाई गई इस बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारी प्रतिनिधि शामिल होंगे।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम की ओर से जारी नोटिस और सीलिंग की कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। कई दुकान संचालक पहले ही इसका विरोध जता चुके हैं। आज की बैठक में व्यापारी संगठन आगे की रणनीति, अपनी मांगों और संभावित विरोध प्रदर्शन को लेकर चर्चा कर सकते हैं।

CM मोहन यादव का आज व्यस्त कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री कुशाभाऊ ठाकरे हॉल पहुंचेंगे। यहां ‘एक संस्थान, एक संकल्प’ विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन का विषय ‘समृद्ध मध्यप्रदेश 2047 के लिए केंद्रीय संस्थानों का योगदान’ रखा गया है। इसमें 130 से अधिक केंद्रीय संस्थानों की सहभागिता होगी। शोध, नवाचार, तकनीक और मानव संसाधन विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

इसके बाद दोपहर 12:15 बजे मुख्यमंत्री भारतीय वन प्रबंधन संस्थान पहुंचेंगे, जहां वन विभाग के अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

दोपहर 12:30 बजे वे रवींद्र भवन पहुंचकर युवा संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बलराम कृषि महोत्सव में भी शामिल होंगे।

शाम 4 बजे मुख्यमंत्री समत्व भवन में आयोजित बैठक में शामिल होंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!