मध्यप्रदेश

महाकाल मंदिर के बाहर “निजी” शिवम रेस्टोरेंट में श्रद्धालुओं से मारपीट का वीडियो वायरल, लोहे की ट्रे से हमला करने का आरोप, महिलाओं के साथ भी हुई धक्का-मुक्की

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // महाकाल मंदिर के गेट नंबर एक के बाहर स्थित शिवम रेस्टोरेंट में शनिवार रात श्रद्धालुओं के साथ विवाद और कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोगों के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है। श्रद्धालुओं ने रेस्टोरेंट कर्मचारियों पर महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और लोहे की ट्रे समेत अन्य सामान से हमला करने का आरोप लगाया है।

खाना खाने पहुंचे श्रद्धालुओं से हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि कुछ श्रद्धालु महाकाल मंदिर में दर्शन करने के बाद गेट नंबर एक के बाहर स्थित शिवम रेस्टोरेंट पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका रेस्टोरेंट के कर्मचारियों से विवाद हो गया। शुरुआत में हुई कहासुनी कुछ ही देर में बढ़ गई और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।

लोहे की ट्रे से हमला करने का आरोप

विवाद के दौरान रेस्टोरेंट संचालक और कर्मचारियों पर श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि इसी दौरान लोहे की ट्रे और अन्य भारी सामान का इस्तेमाल कर श्रद्धालुओं पर हमला किया गया। घटना के चलते रेस्टोरेंट के बाहर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की

वायरल वीडियो में विवाद के दौरान कुछ महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की होती नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। महाकाल मंदिर क्षेत्र में बड़ी संख्या में देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में मंदिर के आसपास संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इस तरह के विवाद को लेकर चिंता जताई जा रही है।

पुलिस ने कहा- शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई

थाना महाकाल पुलिस के अनुसार, घटना से संबंधित वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। हालांकि, अभी तक किसी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर घटना को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। मारपीट की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और पूरे घटनाक्रम में किसकी क्या भूमिका रही, यह पुलिस की जांच और शिकायत के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!