रायपुर संभाग

महतारी सदन का लोकार्पण, नीट मुद्दे पर कांग्रेस की प्रेस वार्ता, डॉ. मुखर्जी जयंती पर कवि सम्मेलन

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में शनिवार, 11 जुलाई को राजनीतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होंगे। कांग्रेस नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी, वहीं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। इसके अलावा महतारी सदन सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया जाएगा।

नीट पेपर लीक पर कांग्रेस की प्रेस वार्ता

कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल दोपहर 12 बजे रायपुर स्थित राजीव भवन में पत्रकार वार्ता करेंगे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। प्रेस वार्ता में नीट पेपर लीक प्रकरण, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को लेकर पार्टी अपना पक्ष रखेगी।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर कवि सम्मेलन

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर रात 8:30 बजे रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में भव्य कवि सम्मेलन आयोजित होगा। कार्यक्रम में देशभर के ख्यातिप्राप्त कवि ओज, वीर रस और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत काव्य पाठ करेंगे। आयोजन उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में होगा।

राजनांदगांव प्रवास पर रहेंगे विधानसभा अध्यक्ष

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह 11 और 12 जुलाई को राजनांदगांव जिले के दौरे पर रहेंगे। शनिवार को वे ग्राम बाटगांव में वृक्षारोपण एवं निःशुल्क पौधा वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा शाम को पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में भाग लेंगे।

राज्य शूटिंग मीट का होगा शुभारंभ

छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग मीट शनिवार से माना कैंप स्थित शूटिंग रेंज में शुरू होगी। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के निशानेबाज 10, 25 और 50 मीटर राइफल एवं पिस्टल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

रीवा में विकास कार्यों का लोकार्पण

आरंग विकासखंड की ग्राम पंचायत रीवा में महतारी सदन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के अतिरिक्त कक्ष एवं व्यवसायिक परिसर का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही अटल डिजिटल भवन का भूमिपूजन और वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित होगा। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब अध्यक्षता करेंगे।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

रायपुर के नगरघड़ी चौक स्थित महाकोशल आर्ट गैलरी में शाम 6 बजे से ‘जनसंख्या विस्फोट’ विषय पर कला प्रदर्शनी आयोजित होगी। वहीं बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में अपराह्न 3:30 बजे से भागवत कथा का आयोजन होगा, जिसमें वामन अवतार, श्रीराम जन्म एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंगों का वाचन किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!