सोने-चांदी में जोरदार उछाल, कई दिनों की गिरावट पर लगा ब्रेक

कमजोर अमेरिकी रोजगार आंकड़ों के बाद बढ़ी सुरक्षित निवेश की मांग, सोना 1,43,000 और चांदी 2.29 लाख रुपये के पार
बिजनेस ( शिखर दर्शन ) // कई दिनों से लगातार गिरावट झेल रहे सोने और चांदी के दामों में शुक्रवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। अमेरिका के कमजोर रोजगार (Jobs) आंकड़ों के बाद वैश्विक बाजार में सुरक्षित निवेश (Safe Haven) की मांग बढ़ने से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में सोना-चांदी मजबूत हुए। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 24 कैरेट सोने की कीमत 1,371 रुपये बढ़कर 1,43,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई, जबकि चांदी का भाव करीब 3,400 रुपये बढ़कर 2,29,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी एक्सचेंज कॉमेक्स (COMEX) पर शुक्रवार सुबह सोना 4,198.50 डॉलर प्रति औंस और चांदी 62.560 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती रही।
MCX पर भी दिखी तेज खरीदारी
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में भी सोने और चांदी में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। कारोबार के दौरान सोना 1,47,648 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया, जबकि चांदी लगभग 5,000 रुपये की बढ़त के साथ 2,37,325 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती रही। इससे पहले गुरुवार को एमसीएक्स पर सोना 1,45,723 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,33,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
सर्राफा बाजारों में बढ़ी ग्राहकों की हलचल
जून महीने में सोने की कीमतों में करीब 13 हजार रुपये और चांदी में लगभग 30 हजार रुपये तक की गिरावट दर्ज की गई थी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्राहकों ने खरीदारी की। अब कीमतों में फिर तेजी लौटने से सर्राफा बाजारों में हलचल बढ़ गई है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि आगे बाजार की दिशा वैश्विक आर्थिक संकेतकों पर निर्भर करेगी।
क्यों बढ़े सोने-चांदी के दाम
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार सोने और चांदी की कीमतों पर अमेरिकी ब्याज दरों, डॉलर इंडेक्स, भू-राजनीतिक तनाव और केंद्रीय बैंकों की खरीद का सीधा असर पड़ता है। इस बार अमेरिका के कमजोर रोजगार आंकड़ों से डॉलर पर दबाव बढ़ा, जिसके बाद निवेशकों ने सुरक्षित निवेश के रूप में सोने और चांदी की ओर रुख किया। इसी वजह से दोनों की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों में चांदी के भाव
चेन्नई और हैदराबाद में चांदी का भाव 2,50,100 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु में चांदी 2,45,100 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है।
प्रमुख शहरों में सोने के ताजा भाव
दिल्ली में 24 कैरेट सोना 14,394 रुपये, 22 कैरेट 13,196 रुपये और 18 कैरेट सोना 10,800 रुपये प्रति ग्राम पर पहुंच गया। मुंबई में 24 कैरेट सोना 14,379 रुपये, 22 कैरेट 13,181 रुपये और 18 कैरेट सोना 10,785 रुपये प्रति ग्राम दर्ज किया गया। चेन्नई में 24 कैरेट सोना 14,619 रुपये, 22 कैरेट 13,401 रुपये और 18 कैरेट सोना 11,161 रुपये प्रति ग्राम पर बिक रहा है। बेंगलुरु में 24 कैरेट सोना 14,379 रुपये, 22 कैरेट 13,181 रुपये और 18 कैरेट सोना 10,785 रुपये प्रति ग्राम दर्ज किया गया।
पटना, हैदराबाद, केरल और पुणे में 24 कैरेट सोना 14,379 रुपये, 22 कैरेट 13,181 रुपये तथा 18 कैरेट सोना 10,785 रुपये प्रति ग्राम के भाव पर उपलब्ध है। वहीं अहमदाबाद में 24 कैरेट सोना 14,384 रुपये, 22 कैरेट 13,186 रुपये और 18 कैरेट सोना 10,790 रुपये प्रति ग्राम दर्ज किया गया।



