Blog

चिकित्सक समाज के सच्चे जीवनरक्षक, उनका योगदान राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत : राज्यपाल रमेन डेका

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर रायपुर में भव्य सम्मान समारोह, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए करीब 100 चिकित्सकों का किया गया सम्मान

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जेसीआई रायपुर मेडिको सिटी (जोन-27) की ओर से शांति नगर स्थित विमतारा हॉल में भव्य “डॉक्टर्स डे सेलिब्रेशन” का आयोजन किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले लगभग 100 वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित चिकित्सकों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समाज को स्वस्थ बनाने में चिकित्सकों की अहम भूमिका

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार करने वाले विशेषज्ञ नहीं, बल्कि समाज के सच्चे जीवनरक्षक हैं। वे अपने ज्ञान, सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं से समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत उसके चिकित्सक होते हैं और उनका निस्वार्थ सेवा भाव पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राज्यपाल ने सभी चिकित्सकों को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की।

विशिष्ट अतिथि विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी चिकित्सकों की सेवा भावना को नमन करते हुए कहा कि डॉक्टर हर परिस्थिति में मानवता की सेवा के लिए समर्पित रहते हैं। समाज उनके योगदान का सदैव ऋणी रहेगा।

स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

जेसीआई रायपुर मेडिको सिटी के अध्यक्ष डॉ. निखिल मोतिरमानी ने बताया कि संस्था समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, जनजागरूकता अभियान एवं विभिन्न सामाजिक-स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन करती है। संस्था का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पहुंचाना है।

संस्था के सचिव डॉ. अविनाश तिवारी ने कहा कि जेसीआई रायपुर मेडिको सिटी स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था द्वारा नियमित रूप से स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, जनसेवा गतिविधियां एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजन किए जाते हैं, जिससे आमजन को स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन और लाभ मिल सके।

चिकित्सा जगत की हस्तियों ने साझा किए विचार

कार्यक्रम में श्री बालाजी मेडिकल कॉलेज एवं ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन डॉ. देवेंद्र नाइक तथा संजीवनी कैंसर केयर एवं ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन डॉ. यूसुफ मेमन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता जेसीआई इंडिया के पूर्व राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं मुख्य मेंटर डॉ. मनीष गुप्ता ने चिकित्सकों के नेतृत्व, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व पर प्रेरक उद्बोधन देते हुए कहा कि चिकित्सा सेवा केवल एक पेशा नहीं बल्कि मानवता की सर्वोच्च सेवा है।

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए चिकित्सकों का सम्मान

इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले लगभग 100 वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित चिकित्सकों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मानित चिकित्सकों का उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अभिनंदन किया। समारोह में शहर के अनेक वरिष्ठ चिकित्सक, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, जेसीआई पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन जेसीआई रायपुर मेडिको सिटी के अध्यक्ष डॉ. निखिल मोतिरमानी, पूर्व अध्यक्ष डॉ. विकास गोयल, कार्यक्रम निदेशक डॉ. अनिल गुप्ता, सचिव डॉ. अविनाश तिवारी, डॉ. सुमेधा श्रीवास्तव, डॉ. मनीष गुप्ता, डॉ. जितेंद्र सराफ सहित पूरी आयोजन समिति के नेतृत्व में संपन्न हुआ। पूरे आयोजन का वातावरण सम्मान, सेवा और समाज के प्रति समर्पण की भावना से ओतप्रोत रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!