व्यापार

सोने-चांदी के दाम में उतार-चढ़ाव जारी

वैश्विक बाजार के असर से बदले भाव, जानिए 2 जुलाई को 24K, 22K और 18 कैरेट सोने का ताजा रेट

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव का असर गुरुवार को घरेलू सर्राफा बाजार में भी देखने को मिला। सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार की तेजी के बाद गुरुवार सुबह फिर नरमी दर्ज की गई। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति, महंगाई के आंकड़े, डॉलर इंडेक्स और वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों का सीधा असर कीमती धातुओं के भाव पर पड़ रहा है।

ग्लोबल मार्केट में सोना-चांदी कमजोर

अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी एक्सचेंज कॉमेक्स (COMEX) पर गुरुवार सुबह सोना करीब 0.64 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,056.40 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता देखा गया। वहीं चांदी भी 0.40 प्रतिशत टूटकर 60.270 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। वैश्विक बाजार की इस कमजोरी का असर घरेलू बाजार में भी दिखाई दिया।

एमसीएक्स पर मिले-जुले रुख के साथ कारोबार

घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स (MCX) में गुरुवार सुबह सोने का भाव लगभग 1,44,394 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 2,31,915 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया। कारोबार के दौरान दोनों धातुओं में लगातार उतार-चढ़ाव बना रहा।

फेड चेयरमैन के बयान से बुधवार को आई थी तेजी

बुधवार को अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नए चेयरमैन केविन वॉर्श के महंगाई और ब्याज दरों को लेकर दिए गए बयान के बाद सोने और चांदी में जोरदार तेजी दर्ज की गई थी। कॉमेक्स पर सोना 4,100 डॉलर प्रति औंस और चांदी 60 डॉलर प्रति औंस के पार पहुंच गई थी। घरेलू बाजार में भी सोना 1,45,085 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,32,131 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई थी। हालांकि कारोबार समाप्त होने तक सोना 1,44,389 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,30,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई।

प्रमुख शहरों में चांदी का भाव

दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु में एक किलोग्राम चांदी का भाव 2,40,100 रुपये दर्ज किया गया, जबकि चेन्नई और हैदराबाद में चांदी 2,44,900 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है।

प्रमुख शहरों में सोने का ताजा भाव

दिल्ली में 24 कैरेट सोना 14,092 रुपये प्रति ग्राम, 22 कैरेट 12,919 रुपये और 18 कैरेट 10,573 रुपये प्रति ग्राम दर्ज किया गया।

चेन्नई में 24 कैरेट सोना 14,456 रुपये, 22 कैरेट 13,251 रुपये तथा 18 कैरेट 11,071 रुपये प्रति ग्राम रहा, जो प्रमुख शहरों में सबसे अधिक है।

मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में 24 कैरेट सोना 14,077 रुपये, 22 कैरेट 12,904 रुपये और 18 कैरेट 10,558 रुपये प्रति ग्राम के भाव पर कारोबार करता रहा।

क्यों बदल रहे हैं दाम ?

विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति, ब्याज दरों को लेकर संभावनाएं, महंगाई के आंकड़े, डॉलर की मजबूती और वैश्विक निवेशकों की खरीद-बिक्री की रणनीति सोने-चांदी की कीमतों को प्रभावित कर रही है। इसी कारण पिछले कुछ दिनों से दोनों कीमती धातुओं में लगातार तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!