उत्तरप्रदेश

कोचिंग सेंटर में लागि भीषण आग , 14 छात्रों की जिंदा जलने से मौत , मचा हड़कंप

अलीगंज स्थित निजी कोचिंग सेंटर में लगी आग, बचने के लिए छात्रों ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग

लखनऊ (शिखर दर्शन) // राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक निजी कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग ने भयावह त्रासदी का रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से अब तक 14 छात्रों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

देखते ही देखते आग ने लिया विकराल रूप

जानकारी के अनुसार कोचिंग सेंटर और उससे संचालित लाइब्रेरी में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। काले धुएं और ऊंची लपटों के बीच फंसे छात्रों में चीख-पुकार मच गई।

जान बचाने के लिए खिड़कियां तोड़कर कूदे छात्र

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग से घबराए कई छात्रों ने तीसरी मंजिल की खिड़कियों और शीशों को तोड़कर नीचे छलांग लगा दी। कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अनेक छात्र धुएं और आग के बीच इमारत में ही फंस गए।

मलबे से निकाले गए शव, कई और लोगों के फंसे होने की आशंका

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू टीम ने अब तक 10 से अधिक शवों को बाहर निकाला है। अधिकारियों का मानना है कि इमारत के भीतर और भी लोग फंसे हो सकते हैं। घने धुएं और भीषण आग के कारण राहत कार्य में कठिनाई आ रही है।

बंद मिला छत का रास्ता, बढ़ी जनहानि

चश्मदीदों का दावा है कि इमारत की छत पर जाने वाला दरवाजा बंद था। इसी वजह से छात्र सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंच सके और जहरीले धुएं की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

14 दमकल गाड़ियां और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म से चल रहा रेस्क्यू

घटनास्थल पर दमकल विभाग की 14 से अधिक गाड़ियां, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और विशेष बचाव दल तैनात किए गए हैं। लगातार आग पर काबू पाने और फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी ने लिया घटना का संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अलीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घटना की जानकारी मिलने के बाद तत्काल लखनऊ रवाना होने की बात कही।

डिप्टी सीएम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे

घटना की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव गृह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। वहीं केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर सहित विभिन्न अस्पतालों में डॉक्टरों की विशेष टीमें घायलों के उपचार में जुटी हुई हैं।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। यह हादसा राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और व्यावसायिक भवनों में अग्नि सुरक्षा मानकों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!